चेन्नई, प्रतिनिधि। तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अभिनेता से नेता बने थलपति विजय ने अपनी पार्टी TVK के साथ पहली ही चुनावी परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए सत्ता हासिल कर ली। 108 सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद सहयोगी दलों के समर्थन से TVK ने सरकार बना ली। चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने विजय को मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
विजय के साथ उनकी नई कैबिनेट के नौ विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें एन. आनंद, आधव अर्जुना, डॉ. के.जी. अरुणराज, के.ए. सेंगोट्टैयन, पी. वेंकटरामनन, आर. निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टी.के. प्रभु और सेल्वी एस. कीर्तन शामिल हैं।
तमिलनाडु की राजनीति लंबे समय से DMK और AIADMK के इर्द-गिर्द घूमती रही है, लेकिन TVK के उदय ने राज्य की राजनीतिक तस्वीर बदल दी है। केवल दो साल पुरानी पार्टी का सीधे सत्ता तक पहुंचना राजनीतिक विश्लेषकों के लिए भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा रही कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्षी गठबंधन के कई दलों ने विजय के प्रति सकारात्मक रुख अपनाया। माना जा रहा है कि युवाओं, पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं और फिल्मी लोकप्रियता को राजनीतिक रणनीति के साथ जोड़कर विजय ने यह बड़ी जीत हासिल की।
अब नजरें विजय सरकार की नीतियों और उनकी नई कैबिनेट पर टिकी हैं। जनता को उम्मीद है कि नई सरकार रोजगार, शिक्षा, उद्योग और सामाजिक विकास के मुद्दों पर तेजी से काम करेगी।
राहुल गांधी के समर्थन से विजय का बड़ा उदय, तमिलनाडु में TVK सरकार का गठन




