श्री सुरेश कुमार खन्ना ने राजा राममोहन राय वार्ड के अंतर्गत मोहल्ला बालू अड्डा में प्रदूषित पेयजल आपूर्ति एवं सीवर लाइन के चौक होने की घटना के संबंध में घटनास्थल का निरीक्षण किया
चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने निरीक्षण के दौरान घटना की विस्तृत जांच कराए जाने के निर्देश दिए
शोकाकुल परिवार के लोगों से मिलकर उन्हें सांत्वना देते हुए घटना की जांच में दोषी पाए गए लोगों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई किए जाने का आश्वासन भी दिया
उत्तर प्रदेश के वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार आज राजा राममोहन राय वार्ड के अंतर्गत मोहल्ला बालू अड्डा में प्रदूषित पेयजल आपूर्ति एवं सीवर लाइन के चौक होने की घटना के संबंध में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने निरीक्षण के दौरान घटना की विस्तृत जांच कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान शोकाकुल परिवार के लोगों से मिलकर उन्हें पूर्ण सांत्वना देते हुए घटना की जांच में दोषी पाए गए लोगों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई किए जाने का आश्वासन भी दिया।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त को क्षेत्र की व्यापक साफ-सफाई, चूने का छिड़काव, सैनिटाइजेशन के साथ-साथ मौके पर उपस्थित रहकर समस्त आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्री सुरेश कुमार खन्ना ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लखनऊ को निर्देश दिया कि प्रभावित क्षेत्र में आगामी 01 सप्ताह के लिए कुशल चिकित्सकों की टीम का गठन करते हुए क्षेत्र में तैनात करें, साथ ही प्रभावित परिवारों को आवश्यक मेडिकल चिकित्सा सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाए। इसके अतिरिक्त प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को भी क्षेत्र में समय-समय पर सतत निगरानी करते हुए सभी उपचारात्मक कार्यवाही का सतत अनुश्रवण किए जाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त लखनऊ, जिलाधिकारी लखनऊ, नगर आयुक्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी लखनऊ तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं निवासी गण उपस्थित थे।
