उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने विदेशी दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए एक साथ कसम खाई है। दोनों नेताओं ने उत्तर कोरिया और चीन के बीच दोस्ती, सहयोग और पारस्परिक सहायता संधि की वर्षगांठ पर संबंधों को ज्यादा मजबूत करने का वादा भी किया। चीन दुनिया के सबसे सीक्रेट देशों में शुमार उत्तर कोरिया का सबसे नजदीकी सहयोगी है।
दोनों देशों के संबंधों की वर्षगांठ पर मिले किम और जिनपिंग
उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए ने कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को एक संदेश में, उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने कहा कि शत्रुतापूर्ण विदेशी ताकतों के सामने उनका रिश्ता महत्वपूर्ण है। इसके जवाब में शी जिनपिंग ने उत्तर कोरिया के साथ चीन के संबंधों को एक नई ऊंचाई पर ले जाने का वादा किया। कोरोना वायरस महामारी के कारण इस बार दोनों देशों के संबंधों की वर्षगांठ वाली बैठक वर्चुअल आयोजित की गई।