सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पद पर आसीन जस्टिस एसए बोबडे शुक्रवार को सेवानिवृत हो गए जहां उनकी विदाई के मौके पर सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास सिंह ने शाहरुख खान से संबंधित एक खुलासा किया है। विकास सिंह ने कहा कि अयोध्या विवाद को सुलझाने के लिए जस्टिस बोबडे ने शाहरुख खान को मध्यस्थ बनाने की मंशा जताई थी जिसे शाहरुख खान ने स्वीकार भी लिया था। शाहरुख खान ने मसले को सुलझाने के लिए सुझाव भी दिया था।
सिंह ने जस्टिस बोबडे की वर्चुअल विदाई के मौके पर कहा, ‘अयोध्या विवाद को लेकर मेरे और जस्टिस बोबडे के बीच का एक राज है जिसे मैं बताना चाहूंगा। जब वो मामले की शुरुआती सुनवाई कर रहे थे तो उन्होंने मुझसे पूछा था कि क्या शाहरुख खान इस समिति के सदस्य हो सकते हैं। जस्टिस बोबडे जानते थे कि मैं शाहरुख खान को जानता हूं, इसलिए उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैं उनसे बात कर सकता हूं।’