अमेरिका और रूस के बिगड़े संबंधों के बीच बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के साथ मुलाकात हुई। स्विट्जरलैंड में झील के किनारे मनोहारी हरियाली के बीच बने मेंशन में दुनिया की दो सबसे ताकतवर शख्सियतें आमने-सामने थीं। जी-7 के शिखर सम्मेलन और उसके बाद नाटो सम्मिट में रूस के खिलाफ तीखे बयान देने के बाद बाइडन स्विट्जरलैंड पहुंचे हैं। पुतिन अपने अमेरिकी समकक्ष जो बाइडन के साथ उच्च स्तरीय बैठक करने के लिए बुधवार को जिनेवा पहुंचे। उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन मंगलवार को जिनेवा पहुंच चुके हैं। इस बहुप्रतीक्षित बैठक से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने अपने यूरोपीय सहयोगियों के साथ विश्वास बहाली को लेकर बैठकें की हैं।