लखनऊ/बख्शी का तालाब, 29 सितम्बर 2020 | हाथरस की बेटी मनीषा वाल्मीकि का आज निधन हो गया। अपना विरोध व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश काँग्रेस कमेटी के मीडिया संयोजक ललन कुमार ने #बख्शी_का_तालाब (169) विधानसभा के कुम्हरावाँ गाँव में स्थानीय निवासियों के साथ 2 किलोमीटर लम्बा केंडल मार्च निकाला। इस कैंडल मार्च में लगभग 500 लोगों ने हिस्सा लेकर पीडिता के लिए न्याय की माँग की।
ललन कुमार ने कहा कि इस घटना से पूरा देश शोक में है और सवाल कर रहा है कि हाथरस की पुलिस प्रशासन एवं उत्तर प्रदेश की सरकार ने इस मामले को इतना हलके में क्यों लिया। और तो और प्रदेश के आला अधिकारियों ने इस घटना को फेक न्यूज़ बताया। घटना के 5 दिन बाद पीडिता का बयान लेना पुलिस की लापरवाही को दर्शाता है। इसी लापरवाही की वजह से आज प्रदेश की बिटिया ने अपनी जान गँवा दी।
योगी आदित्यनाथ की सरकार तो वैसे भी हर मोर्चे पर फेल है। जो सरकार अपने नागरिकों को सुरक्षा मुहैया नहीं करा पा रही है उसको सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। हाथरस के इस वीभत्स हादसे के बाद प्रदेश की जनता खौफ में है।
महिलाओं के नाम पर तमाम योजनाएँ चलने वाली योगी सरकार उन्हें सुरक्षा तक नहीं दे पा रही है। कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने इस घटना पर अपना विरोध प्रकट किया।