अगले 20 दिन कोरोना संक्रमण के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण हैं। नेशनल कोविड टास्कफोर्स के सूत्र की मानें तो कोरी नकारात्मकता में कुछ नहीं रखा है। हालात की गंभीरता को समझकर प्रधानमंत्री ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। इसलिए अब हालात बहुत विकराल नहीं होंगे। बताते हैं 29-30 अप्रैल से लोगों का दर्द काफी कम हो जाएगा। मई के पहले सप्ताह से स्थितियां तेजी से बदलेंगी। देश के 10 प्रमुख राज्यों को शीर्ष पर रखकर कोविड टास्कफोर्स भी अपना काम कर रहा है।
उप्र समेत इन राज्यों पर ध्यान
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्र बताते हैं कि उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टीम काफी संवेदनशीलता से लोगों की पीड़ा कम करने में जुटी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी उप्र के हालात पर लगातार ध्यान है। उप्र के अलावा केन्द्र सरकार बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्, गुजरात, राजस्थान, केरल, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु के हालात पर नजर बनाए हुए है।
प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को लेकर भी लगातार अपडेट ले रहे हैं। विदेश मंत्रालय के अधिकारी बताते हैं कि शीर्ष स्तर से पहल के बाद दुनिया के कई देशों ने सकारात्मक रुख दिखाया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने जापान के समकक्ष योशिहिदे सुगा से बात की है। प्रधानमंत्री सुगा ने भारत को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।