फ्रांस में छात्रों का आंदोलन उग्र, हिंसा और आगजनी से हालात बिगड़े

पेरिस | शाबू ज़ैदी

फ्रांस के कई शहरों में छात्रों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान आगजनी, तोड़फोड़ और पुलिस के साथ झड़प की घटनाओं के बीच राजधानी पेरिस के पुलिस प्रमुख ने स्वीकार किया कि आंदोलन को नियंत्रित करना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने की अपील की है और चेतावनी दी है कि हिंसा तथा अराजकता जारी रहने पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।

शुक्रवार को भी देश के विभिन्न हिस्सों में दंगा पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच तनाव देखने को मिला। कई स्थानों पर आगजनी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आईं। छात्र संगठनों ने शिक्षकों से भी आंदोलन और हड़ताल में शामिल होने का आह्वान किया है।

रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार से अब तक हिंसा और आगजनी के आरोप में पांच हजार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें बड़ी संख्या किशोरों की बताई जा रही है। इस दौरान सैकड़ों लोग घायल हुए हैं।

राष्ट्रीय पुलिस की प्रवक्ता अगाथ फोकाल्ट के मुताबिक, झड़पों में 600 से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी भी घायल हुए हैं। शिक्षकों और आम नागरिकों पर हमले तथा बड़ी मात्रा में संपत्ति के नुकसान की भी जानकारी सामने आई है।

पेरिस पुलिस प्रमुख पैट्रिस फार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी खुले पत्र में कहा कि आंदोलन शुरू करने वाले लोग अब इसे नियंत्रित नहीं कर पा रहे हैं। छात्र कक्षाओं में बढ़ती भीड़, शिक्षकों की कमी और जर्जर स्कूल भवनों सहित शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *