28 फरवरी 2023 लखनऊ।
जिलाधिकारी श्री सूर्य पाल गंगवार द्वारा आज कलेक्ट्रेट स्थित डा0 ए0 पी0 जे0 अब्दुल कलाम सभागार में आगामी होली त्योहार की तैयारी/व्यवस्था सम्बन्धी बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में ज़िलाधिकारी द्वारा बताया गया कि होलिका दहन 7 मार्च को होगा और 8 मार्च को रंग खेला जाएगा। बैठक में जिलाधिकारी ने होली त्योहार पर शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश सभी सम्बन्धित अधिकारियों को दिये है। उन्होने कहा है कि रंगो का त्योहार होली के अवसर पर शान्ति व्यवस्था से जुडे सभी अधिकारी विशेष सर्तकता बरतें।
बैठक में जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों, अपर नगर मजिस्ट्रेट व क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वह अपने क्षेत्र का संयुक्त रूप से भ्रमणकर ले विशेष रूप से होलिका दहन स्थलों को अवश्य देख लें यदि होलिका दहन के सम्बन्ध में कहीं पर कोई विवाद है तो उसे समय रहते निस्तारित करा दें। उन्होने नगर निगम को निर्देशित किया कि वह होलिका दहन स्थलों पर सफाई, चूने का छिडकाव व प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराए। साथ ही निर्वाध जलापूर्ति भी सुनिश्चित की जाए जल संस्थान के अधिकारी पानी के टैंकर निर्धारित स्थलों पर लगाये जाने की पूरी व्यवस्था करें और रिजर्व में भी रखे, ताकि जरूरत पडने पर उनका उपयोग किया जा सके। विद्युत विभाग के अभियन्ता को जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि होली के अवसर पर निर्वाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए होलिका दहन स्थलों पर यह देख लिया जाए कि विद्युत तार पर्याप्त ऊचाई पर हो ताकि होलिका दहन से तार प्रभावित न होने पाए तथा आवश्यकतानुसार मोबाइल ट्रान्सफार्मर की भी व्यवस्था रखी जाये ताकि आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग किया जा सके। उक्त के साथ ही ऐसे विधुत के पोलो को चिन्हित कर के उनकी गार्डिंग करना सुनिश्चित किया जाए जिनमे करंट उतरने की सम्भावना हो। साथ ही सभी जेई, ए0ई0 व अधिशासी अभियंता इस बात का प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएंगे की उनके क्षेत्र में जितने भी होलिका दहन स्थल है सब का भली भांति निरीक्षण कर लिया गया है और कोई भी होलिका स्थल ऐसा नही है जिसके ऊपर विधुत तार है।
उन्होने कहा कि शान्ति व्यवस्था कमेटी की बैठकें थाना स्तर पर अवश्य करा ली जाये। होली पर निकलने वाले प्रमुख जुलूसों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। जुलूस के जितने रूट है सभी का सम्बंधित विभाग सँयुक्त रूप से निरीक्षण करते हुए साफ सफाई, रोड मरम्मत व अन्य व्यवस्थाए सुनिश्चित कराए।जिलाधिकारी ने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सर्तक रहे और सभी आवश्यक तैयारी समय से पूर्ण करना सुनिश्चित करे। जिलाधिकारी ने कहा है कि होली के त्योहार को दृष्टिगत रखते हुए खाने वाली चीजो जैसे खोया, मिठाई सहित अन्य की जाॅच अभियान चलाकर किया जाये, इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नही की जाये। उन्होने अवैध शराब एवं मादक पदार्थो पर नियंत्रण रखने के निर्देश सम्बधित अधिकारियों को दिया है। जिलाधिकारी ने आगामी होली के त्योहार को दृष्टिगत रखते हुए नगर क्षेत्र में निकलने वाले परम्परागत जुलूसों में शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए मजिस्ट्रेटों को आवश्यक निर्देश भी दिये है। उन्होने कहा है कि मजिस्ट्रेट/अधिकारी अपने क्षेत्र मे जुलूस हेतु समय से पहुॅंच जायेगे और शान्ति व्यवस्था सुनिश्चित करायेंगे। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया गया कि होली के अवसर पर चिकित्सालयों में आपातकालिक चिकित्सा सुविधा तथा एम्बुलेन्स तैयार रखने की व्यवस्था तथा सभी पी0एच0सी0 एवं सी0एस0सी0 पर डाक्टरों की उपस्थित अवश्य की जाये।
बैठक में ज़िलाधिकारी द्वारा ए0आर0टी0 प्रवर्तन को निर्देश दिये गए कि दो पहिया वाहनों से स्टंट और नशे की हालत में तेज रफ्तार से वाहन चालाने वालो के विरुद्ध कड़ा अभियान चलाते हुए कार्यवाही करना सुनिश्चित किया जाए। स्टंट, नशे की हालत में तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले लोगो के वाहन जब्त करते हुए उनके लाइसेंस निरस्त करने की कार्यवाही करना सुनिश्चित किया जाए। उक्त के साथ ही ज़िलाधिकारी द्वारा बताया गया कि होलिका दहन कराने वाली समस्त समितियों का यह दायित्व होगा कि जहां जहाँ पर होलिका दहन के लिए लकड़ियां रखी जा रही है वह स्थल लोगो की सुरक्षा की दृष्टि से सुरक्षित है या नही, उसके ऊपर विधुत तार इतियादि तो नही है। साथ ही समितियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि होलिका दहन स्थलके आस पास 20-25 मीटर की परिधि में कोई ऐसी वस्तु/पेड़ पौधों तो नही है जिसमे आग लग सकती हो।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री बिपिन कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी श्री अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री हिमांशु कुमार गुप्ता समस्त उप जिलाधिकारी ,चिकित्सा, नगर निगम, आबकारी, फायर, पुलिस, लोक निर्माण विभाग, लेसा, खाद्य एवं सुरक्षा विभाग, जल संस्थान, नागरिक सुरक्षा सहित अन्य सम्बधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित थे।





