Home / राष्ट्रीय / स्वरा भास्कर ने सपा नेता फहद अहमद से रचाई शादी

स्वरा भास्कर ने सपा नेता फहद अहमद से रचाई शादी

बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने सपा नेता फहद अहमद से शादी कर ली है। स्वरा भास्कर ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर कर इस बात की जानकारी दी है। इस वीडियो में दोनों की कोर्ट मैरिज से जुड़े दस्तावेज भी हैं। दस्तावेज के मुताबिक दोनों ने 6 जनवरी 2023 को मुंबई में शादी की।

फहद अहमद समाजवादी पार्टी की युवा इकाई के महाराष्ट्र और मुंबई के अध्यक्ष हैं। फरवरी 1992 को जन्में फहद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली के रहने वाले हैं। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। फिर एमफिल करने टाटा इंस्टीट्यूट आफ सोशल साइंस आ गए। यहीं उन्होंने राजनीति में कदम रखा।
टाटा इंस्टिट्यूट में पढ़ाई के दौरान फहद अहमद छात्र संघ के महासचिव चुने गए और 2017 से 18 तक इस पद पर रहे। फहद अहमद यहीं से अभी पीएचडी कर रहे हैं। फहद अहमद साल 2017-18 में पहली बार उस वक्त सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज में एससी-एसटी और ओबीसी स्टूडेंट्स की फीस बढ़ोतरी के खिलाफ प्रोटेस्ट किया था, जिसमें करीब 1000 से ज्यादा स्टूडेंट्स शामिल हुए थे। इस प्रोटेस्ट को प्रकाश अंबेडकर जैसे नेताओं का समर्थन भी मिला था।
फहद अहमद ने सीएए के खिलाफ भी मुंबई में प्रोटेस्ट निकाला था और इसे असंवैधानिक करार देते हुए अगस्त क्रांति मैदान में धरना दिया था। फहद अहमद ने टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज के दीक्षांत समारोह में संस्थान के अध्यक्ष एस. रामादुरई से एमफिल की डिग्री लेने से इनकार कर दिया था। बाद में संस्थान ने इसी का हवाला देते हुए उन्हें पीएचडी में दाखिले से इंकार कर दिया था और कहा था कि उनका कृत्य संस्थान के लिए अपमानजनक था।
फहद अहमद को समाजवादी पार्टी नेता अबू आजमी का करीबी माना जाता है। आजमी ही फहद अहमद को समाजवादी पार्टी में लेकर आए थे। जुलाई 2022 में अबू आज़मी और रईस शेख की मौजूदगी में फहद ने अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ज्वाइन की। इसके बाद उन्हें यूथ विंग में पदाधिकारी बना दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *