Home / उत्तर प्रदेश / सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की महाराष्ट्र में विशाल जनसभा

सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की महाराष्ट्र में विशाल जनसभा

Spread the love

दिनांकः19.10.2024
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने महाराष्ट्र के दो दिवसीय चुनावी दौर के दूसरे दिन धुले विधानसभा क्षेत्र में विशाल जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की तरह धुले में भी समाजवादी पार्टी का जोर दिखाई दे रहा है। वही माहौल और उसी तरह का जोश और उत्साह है। हमें पूरी उम्मीद है कि धुले से इस बार समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी ही विधानसभा में पहुंचेगा।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि महाराष्ट्र का यह चुनाव ऐतिहासिक चुनाव है। इस चुनाव से महाराष्ट्र की राजनीति के साथ देश की राजनीति बदलेगी। महाराष्ट्र में महायुति की सरकार ने जनता को महा दुःखी किया है। महाराष्ट्र में महायुति की सरकार में महा भ्रष्टाचार हो रहा है। पैसे का बंदरबांट हो रहा है। सड़कों के निर्माण कार्यों में बंदरबांट हुआ। इस सरकार के लोगों ने छत्रपति शिवाजी महाराज को भी नहीं छोड़ा। उनकी प्रतिमा के निर्माण में घपला-घोटाला हुआ। जिसके कारण प्रतिमा गिर गयी। इस सरकार ने छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान किया। यह चुनाव महाराष्ट्र के सम्मान को बचाने का चुनाव है। महाराष्ट्र की जनता भाजपा की सरकार को हटाकर यहां के सम्मान को बचाएगी।
उन्होंने कहा कि हमारे देश और समाज की पहचान भाईचारे की है, हर धर्म और वर्ग के लोग मिलजुलकर एक साथ रहते हैं लेकिन भाजपा समाज में नफरत फैला रही है। भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर लोगों को डराने का काम कर रही है। केन्द्र की भाजपा सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को खोखला कर दिया है। इस सरकार ने देश को भुखमरी के सूचकांक में दुनिया के सबसे खराब देशों की श्रेणी में ला दिया है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि महाराष्ट्र की महायुति सरकार जनता से चुनी सरकार नहीं है। यह धोखे से हथियाई गयी सरकार है। धोखा देकर पार्टी तोड़ी, सरकार गिराई और फिर धोखे से सरकार बनायी गयी है। महाराष्ट्र की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। महाराष्ट्र सामाजिक न्याय की कर्मस्थली है, बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर जी की कर्मभूमि है, जो लोग संविधान को बदलना चाहते है वे याद रखंे, बाबा साहब की धरती और महाराष्ट्र की जनता संविधान बदलने वालों को बदल देगी।
श्री यादव ने कहा कि महाराष्ट्र की सरकार हटेगी तो दिल्ली की भी सरकार हट जाएगी। दिल्ली में भाजपा की सरकार चलने वाली नहीं, गिरने वाली सरकार है। दिल्ली सरकार जाते ही बुलडोजर सरकार और उसका अन्याय खत्म हो जायेगा। उन्होंने कहा कि महायुति की सरकार ने महाराष्ट्र को पीछे धकेल दिया। कभी महाराष्ट्र लोगों को नौकरी और रोजगार देता था। लेकिन दिल्ली की भाजपा सरकार और यहां की महायुति सरकार ने उद्योगधंधों और कारखानों को महाराष्ट्र के बाहर कर दिया। यहां नहीं लगने दिया। बीजेपी ने आम लोगों की रोजी-रोटी छीना है। भाजपा झूठे वादे करती है। कहा था अच्छे दिन लायेंगे, आज महंगाई, बेरोजगारी के कारण लोगों के बुरे दिन हो गये। इस सरकार ने अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया। सरकारी संस्थाएं बेच दी। नोटबंदी करके महंगाई, बेरोजगारी बढ़ा दी। आज गांव में गरीब किसान परेशान है। किसान आत्महत्या करने पर मजबूर है। किसान की स्थिति खराब है। भाजपा सरकार किसानों की मदद नहीं करती। उद्योगपतियों का कर्ज माफ करती है। महाराष्ट्र में गरीबों किसानों की स्थिति बहुत खराब है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी महाराष्ट्र में सेकुलर सरकार बनाने में मदद करेगी।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराने का काम किया है। उत्तर प्रदेश का किसान, नौजवान, गरीब, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक भाजपा के झूठ और लूट को समझ गये और भाजपा को हरा दिया। अब बारी महाराष्ट्र के लोगों की है। महाराष्ट्र के लोग इस बार भाजपा और महायुति को हरायेंगे।
जनसभा को सम्बोधित करते हुए महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं विधायक श्री अबू आसिम आजमी ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान की धज्जियां उड़ा रही है। भाजपा भाईचारा और तहजीब खत्म कर रही है। भाजपा सरकार में संविधान और आरक्षण खत्म किया जा रहा है। संविधान की ताकत को समाजवादी पार्टी मिटने नहीं देगी। सभा को समाजवादी पार्टी की कैराना से सांसद इकरा हसन, धुले से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी इरशाद भाई जागीरदार, विधायक रईस शेख समेत अन्य नेताओं ने सम्बोधित किया। इस अवसर पर विधायक नाहिद हसन, साबिर शेख, राजेन्द्र यादव, परवेज सिद्दीकी समेत अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे।
इससे पहले धुले में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री अबू आसिम आजमी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव और अन्य नेताओं का स्वागत किया। दौरे के पहले दिन गुरुवार को श्री अखिलेश यादव ने भारी बारिश के बीच नासिक के मालेगांव में चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने जनसभा में उपस्थित लोगों से समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन को भारी मतों से जिताने की अपील की। बारिस के बीच हुई चुनावी जनसभा में श्री अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के अन्य नेताओं को सुनने और देखने के लिए भारी भीड़ जुटी।
(राजेन्द्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *