Home / उत्तर प्रदेश / लखनऊ विकास प्राधिकरण में जनमानस की समस्याओं को मंडलायुक्त रोशन जैकब ने सुना

लखनऊ विकास प्राधिकरण में जनमानस की समस्याओं को मंडलायुक्त रोशन जैकब ने सुना

Spread the love

लखनऊ 28मार्च2023 (सूचना विभाग)
गोमती नगर स्थित लखनऊ विकास प्राधिकरण कार्यालय में मंगलवार को नागरिक सुविधा दिवस का आयोजन किया गया। इसमें प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त डाॅ0 रोशन जैकब, जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार, प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी, सचिव पवन कुमार गंगवार एवं नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा आम जन मानस की समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना गया तथा इनके निस्तारण के सम्बंध में सम्बंधित को दिशा-निर्देश दिये गये।

जनसुनवाई के दौरान कार्यों में लापरवाही उजागर होने पर मण्डलायुक्त ने प्राधिकरण के अभियंत्रण खण्ड-2 में तैनात अवर अभियंता एस0के0 सिंह, जानकीपुरम योजना के अनुभाग अधिकारी वीरेन्द्र यादव, कनिष्ठ लिपिक अमित श्रीवास्तव एवं व्यवसायिक सेल में तैनात कनिष्ठ लिपिक राजीव गौड़ को कड़ी फटकार लगाते हुए चारों को प्रतिकूल प्रवृष्टि दी। इसके अलावा पूर्व से निलम्बित चल रहे कनिष्ठ लिपिक राजीव दिग्वे की एक अन्य प्रकरण में लापरवाही पाये जाने पर मण्डलायुक्त ने राजीव दिग्वे को अतिरिक्त चार्जशीट देने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त मोहनलालगंज के ग्राम-भटपुरा के कानूनगो हरिन्दर कुमार के खिलाफ एक शिकायत पत्र प्राप्त हुआ, जिस पर मण्डलायुक्त ने तत्काल एसडीएम मोहनलालगंज से फोन पर वार्ता करके कानूनगो के खिलाफ आरोप पत्र जारी करने के निर्देश दिये।

मण्डलायुक्त ने समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को हिदायत देते हुए कहा कि अगर जनता से जुड़े प्रकरणों को बेवजह लंबित रखा तो सम्बंधित के खिलाफ सीधे निलम्बन की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने नागरिक सुविधा दिवस में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्राप्त होने वाली समस्त शिकायतों/प्रार्थना प़त्रों की विभागवार सूची तैयार करायी जाए। इसके साथ ही समस्त प्रार्थना पत्रों का ससमय निस्तारण करते हुए इसका फीडबैक उनके समक्ष उपलब्ध कराया जाए।

नागरिक सुविधा दिवस के दौरान रजिस्ट्री से सम्बंधित चार ऐसे प्रकरण सामने आए, जोकि वर्षों से लंबित थे। इन मामलों में उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा त्वरित कार्यवाही निष्पादित करायी गयी, जिसके अंतर्गत सम्बंधित कर्मचारियों को मौके पर बुलाकर सम्पत्तियों की काॅस्टिंग करायी गयी तथा उपाध्यक्ष ने स्वयं फाइलों पर हस्ताक्षर करके रजिस्ट्री के लिए निर्देशित किया।

मण्डलायुक्त द्वारा बताया गया कि लखनऊ महानगर के रहने वाले सामान्य जनों को दिन-प्रतिदिन जीवन से जुड़ी समस्याओं यथा बिजली, पानी, सड़क, भवन निर्माण, जल निकासी, यातायात, परिवहन एवं प्रदूषण आदि का सामना करना पड़ता है। सरकार द्वारा समस्याओं के निराकरण हेतु संवेदनशीलता पूर्वक अनेक प्रबन्ध किये गये हैं और इन समस्याओं से संबंधित विभाग- समस्याओं के निराकरण हेतु प्रयासरत भी रहते हैं, किन्तु नगरीय क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई कार्य इस प्रकार के होते हैं कि उसमें एक से अधिक कार्यदायी संस्थाओं की सहभागिता होती है, जिसकी जानकारी जन सामान्य को नहीं हो पाती है। एक से अधिक संस्थाओं के द्वारा कार्य किये जाने की स्थिति में कार्य के प्रति जबावदेही भी स्पष्ट रूप से तय करने में समस्या होती है, ऐसी स्थिति में नगरीय क्षेत्र की आधारभूत संरचना से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी निस्तारण बगैर अन्तर विभागीय समन्वय के किया जाना सम्भव नहीं हो पाता है। जिसके लिए हर माह के अंतिम मंगलवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण में नागरिक सुविधा दिवस का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें विशेषकर एक से अधिक कार्यदायी संस्थाओं/विभागों की सहभागिता वाले प्रकरणों को संयुक्त टीम बना कर निस्तारण कराया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि नागरिक सुविधा दिवस का आयोजन प्रभावी ढंग एवं उच्चकोटि की संवेदनशीलता के साथ शहरी क्षेत्र के नागरिकों की मूलभूति समस्या के सफल समाधान के दृष्टिगत किया जाये। उन्होंने कहा कि जन मानस को दिन-प्रतिदिन के जीवन यापन से जुड़ी हुई छोटी-छोटी समस्याओं के निराकरण हेतु कई-कई विभागों में चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे सरकार के प्रति सामान्य जन में एक नकारात्मक भाव उत्पन्न होता है। नागरिक सुविधा दिवस के माध्यम से हमारा प्रयास है कि लोगों को अपनी समस्याओं के लिए बार-बार चक्कर न काटने पड़े और एक बार मे ही उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए।

मण्डलायुक्त ने बताया कि आज के नागरिक सुविधा दिवस में कुल 80 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 16 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। अवशेष प्रकरणों को सम्बंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया है। प्राप्त शिकायतों का विवरण निम्नवत हैः-
1. लखनऊ विकास प्राधिकरण-62
2. जिला प्रशासन-04
3. पुलिस-02
4. नगर निगम-08
5. जलकल विभाग-01
6. लोक निर्माण विभाग-01
7. यातायात विभाग-01
8. शिक्षा विभाग-01

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *