30 मई 2023 लखनऊ।
गोमती नगर स्थित लखनऊ विकास प्राधिकरण कार्यालय में मंगलवार को नागरिक सुविधा दिवस का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार, प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी, अपर नगर आयुक्त अभय पाण्डेय व अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा आम जन मानस की समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना गया तथा इनके निस्तारण के सम्बंध में सम्बंधित को दिशा-निर्देश दिये गये।
जनसुनवाई में पहुंचे लखीमपुर खीरी निवासी अनुपम मौर्या ने प्रार्थना पत्र दिया कि उन्हें प्राधिकरण द्वारा लाॅटरी से नेहरू इन्क्लेव योजना में भवन संख्या पी-246 आवंटित हुआ है। लेकिन, उक्त भवन में प्राधिकरण में कार्यरत कर्मचारी रामकुमार मिश्रा का अवैध कब्जा है तथा बार-बार शिकायत करने के बाद भी कर्मचारी द्वारा भवन खाली नहीं किया जा रहा है। प्रार्थी ने बताया कि उन्होंने भवन की शेष धनराशि जमा करने के लिए बैंक में गृह ऋण हेतु आवेदन किया है, लेकिन मौके पर अवैध कब्जे के चलते बैंक द्वारा ऋण भी स्वीकृत नहीं किया जा रहा है। उक्त शिकायत पर उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कर्मचारी रामकुमार मिश्रा को निलम्बित कर दिया। साथ ही भवन खाली कराकर आवंटी को कब्जा दिलाने के सम्बंध में अधिकारियों को निर्देश दिये।
इसके अतिरिक्त दीपशिखा अपार्टमेंट निवासी नृपेन्द्र शुक्ला द्वारा अपार्टमेंट में विकास एवं सुविधाओं के कार्य पूर्ण न होने के सम्बंध में शिकायत की गयी। इस पर उपाध्यक्ष ने अभियंत्रण जोन-2 के सहायक अभियंता आलोक सिंह को चेतावनी देते हुए कार्यों को ससमय पूर्ण कराने के निर्देश दिये। वहीं, नागरिक सुविधा दिवस में पहुंचे विमल कुमार ने प्रार्थना पत्र दिया कि उन्हें प्रियदर्शिनी योजना में दुकान आवंटित हुयी है, लेकिन अभी तक रजिस्ट्री नहीं हो रही है। इस पर उपाध्यक्ष ने सम्बंधित अधिकारी व कर्मचारी को फटकार लगाते हुए तीन दिन के अंदर रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिये।
नागरिक सुविधा दिवस के दौरान रजिस्ट्री से सम्बंधित तीन ऐसे प्रकरण सामने आए, जोकि कई महीनों से लंबित थे। इन मामलों में उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा त्वरित कार्यवाही निष्पादित करायी गयी, जिसके अंतर्गत सम्बंधित कर्मचारियों को मौके पर बुलाकर सम्पत्तियों की काॅस्टिंग करायी गयी तथा उपाध्यक्ष ने स्वयं फाइलों पर हस्ताक्षर करके रजिस्ट्री के लिए निर्देशित किया।
जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि लखनऊ महानगर के रहने वाले सामान्य जनों को दिन-प्रतिदिन जीवन से जुड़ी समस्याओं यथा बिजली, पानी, सड़क, भवन निर्माण, जल निकासी, यातायात, परिवहन एवं प्रदूषण आदि का सामना करना पड़ता है। सरकार द्वारा समस्याओं के निराकरण हेतु संवेदनशीलता पूर्वक अनेक प्रबन्ध किये गये हैं और इन समस्याओं से संबंधित विभाग- समस्याओं के निराकरण हेतु प्रयासरत भी रहते हैं, किन्तु नगरीय क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई कार्य इस प्रकार के होते हैं कि उसमें एक से अधिक कार्यदायी संस्थाओं की सहभागिता होती है, जिसकी जानकारी जन सामान्य को नहीं हो पाती है। एक से अधिक संस्थाओं के द्वारा कार्य किये जाने की स्थिति में कार्य के प्रति जबावदेही भी स्पष्ट रूप से तय करने में समस्या होती है, ऐसी स्थिति में नगरीय क्षेत्र की आधारभूत संरचना से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी निस्तारण बगैर अन्तर विभागीय समन्वय के किया जाना सम्भव नहीं हो पाता है। जिसके लिए हर माह के अंतिम मंगलवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण में नागरिक सुविधा दिवस का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें विशेषकर एक से अधिक कार्यदायी संस्थाओं/विभागों की सहभागिता वाले प्रकरणों को संयुक्त टीम बना कर निस्तारण कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिक सुविधा दिवस का आयोजन प्रभावी ढंग एवं उच्चकोटि की संवेदनशीलता के साथ शहरी क्षेत्र के नागरिकों की मूलभूति समस्या के सफल समाधान के दृष्टिगत किया जाये। उन्होंने कहा कि जन मानस को दिन-प्रतिदिन के जीवन यापन से जुड़ी हुई छोटी-छोटी समस्याओं के निराकरण हेतु कई-कई विभागों में चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे सरकार के प्रति सामान्य जन में एक नकारात्मक भाव उत्पन्न होता है। नागरिक सुविधा दिवस के माध्यम से हमारा प्रयास है कि लोगों को अपनी समस्याओं के लिए बार-बार चक्कर न काटने पड़े और एक बार मे ही उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए।
उपाध्यक्ष ने बताया कि आज के नागरिक सुविधा दिवस में कुल 65 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 19 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। अवशेष प्रकरणों को सम्बंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया है। प्राप्त शिकायतों का विवरण निम्नवत हैः-
1. लखनऊ विकास प्राधिकरण-48
2. जिला प्रशासन-01
3. पुलिस-02
4. नगर निगम-12
5. एन.एच.ए.आई.-01
6. डूडा-01




