लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कोविड संक्रमण के दृष्टिगत टीम-9 के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया है प्रदेश में ट्रेसिंग, टेस्टिंग, त्वरित ट्रीटमेंट और टीकाकरण की प्रक्रिया तीव्र गति से संचालित है।
एक्टिव केस की कुल संख्या वर्तमान में 25,974 है। इनमें 25,445 लोग होम आइसोलेशन में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह संक्रमण वायरल फीवर की तरह है, लेकिन संक्रमण की रोकथाम हेतु सभी एहतियात अवश्य बरते जाएं।
कोविड की बदलती परिस्थितियों को देखते हुए प्रदेश के सभी जनपदों में रात्रि 10 बजे से प्रातः 06 बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू प्रभावी किया जाए।
इसके अतिरिक्त, सभी शिक्षण संस्थानों में आगामी 16 जनवरी तक भौतिक रूप से पठन-पाठन स्थगित रखा जाए।