लखनऊ, 1 मार्च 2026 (शाम 5:17 बजे): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को यहां लोक भवन में होली, रमजान, ईदउल-फित्र, नवरोज, बासंतिक नवरात्रि सहित आगामी सभी प्रमुख पर्व-त्योहारों और बोर्ड परीक्षाओं के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। माहौल बिगाड़ने वाले किसी भी उपद्रवी पर ऐसी सख्त कार्रवाई हो जो दूसरों के लिए नजीर बन जाए।मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि सामाजिक सौहार्द से खिलवाड़ करने वाली कोई भी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने होलिका दहन समितियों और पीस कमेटियों की बैठकों को अनिवार्य कर दिया है। इन बैठकों में स्थानीय स्तर पर संभावित विवादों का समाधान सुनिश्चित किया जाए। अभद्र गीत-संगीत पर पूर्ण रोक लगाई जाए तथा किसी भी वर्ग या समुदाय को आहत करने वाली कोई भी गतिविधि न होने पाए। ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए संवाद के माध्यम से प्रभावी कदम उठाए जाएं। होली के दौरान पारंपरिक उत्सव को बढ़ावा देते हुए अनुशासन बनाए रखा जाए।होली पर बढ़ते आवागमन को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसें संचालित करने के निर्देश दिए हैं। केवल फिटनेस प्रमाणित बसों का ही संचालन सुनिश्चित हो। मनमाना किराया वसूलने वाले परिवहन संचालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा, त्योहारों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त पेयजल उपलब्धता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया। बोर्ड परीक्षाओं के दौरान भी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए।मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लगातार समीक्षा करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य सरकार का उद्देश्य सभी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और हर्षोल्लासपूर्ण ढंग से मनाना है, ताकि सभी वर्गों के लोग सुख-शांति से अपने उत्सव मना सकें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में की पर्व-त्योहारों और बोर्ड परीक्षाओं को लेकर कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा. शाबू ज़ैदी





