02/6/2020
मध्यप्रदेश डेस्क(हेमंत चतुर्वेदी): मध्यप्रदेश में उपचुनाव की आमद के साथ ही अलग अलग सियासी समीकरण अस्तित्व में आने लगे हैं, इसके साथ ही प्रदेश की राजनीति में दलबदल का दौर भी जोर पकड़ने लगा है, इस दौरान प्रदेश के गुना जिले से दलबदल से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है, और इसके तहत भाजपा के एक पूर्व मंत्री कांग्रेस का हाथ थामने को बैचेन नजर आ रहे हैं।
दरअसल बमोरी सीट से पूर्व विधायक और प्रदेश सरकार में मंत्री रहे केएल अग्रवाल का कांग्रेस के नेताओं से मेल मुलाकात का दौर जारी है, पंजाब केसरी से खास चर्चा के दौरान खुद अग्रवाल ने इस बात को स्वीकार किया और कहा, कि अगर उन्हें इस उपचुनाव में बमोरी विधानसभा सीट से कांग्रेस टिकट देती है, तो वह कांग्रेस का हाथ थामने में देर नहीं लगाएंगे और भाजपा के खिलाफ मैदान में ताल ठोकते नजर आएंगे। इस दौरान अग्रवाल ने यह दावा भी किया, कि वह अगर उन्हें कांग्रेस मौका देती है, तो यह विधानसभा सीट उसकी झोली में जाना तय है।