अमेरिका ने कहा है कि जो बाइडन प्रशासन के शुरुआती 100 दिनों के कार्यकाल में भारत से उसके रिश्तों में तेजी आई है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा है कि इस अवधि के दौरान दोनों देशों के संबंधों में वैश्विक साझेदारी परिलक्षित हुई है और भारत पर अमेरिका का विशेष ध्यान रहा है।
दैनिक संवाददाता सम्मेलन में प्राइस ने कहा कि पिछले 100 दिनों में हमारा फोकस भारत पर रहा है। राष्ट्रपति बाइडन ने भी पिछली रात के अपने संबोधन में भारत का जिक्र किया है। मुझे लगता है कि आप देख सकते हैं कि हमारे बीच संबंध कितने प्रगाढ़ हुए हैं। बाइडन ने खुद हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत की है। इसके अलावा विदेश मंत्री टोनी ब्लिंकन अपने भारतीय समकक्ष से कई बार बातचीत कर चुके हैं। ज्यादा दिन नहीं हुए जब जलवायु परिवर्तन पर राष्ट्रपति के विशेष दूत जान कैरी भारत की यात्रा पर थे। रक्षा मंत्री लायड आस्टिन भारत-अमेरिका सुरक्षा सहयोग पर बातचीत करने के लिए भारत का दौरा कर चुके हैं। प्राइस ने कहा, क्वाड के जरिये, मंत्रियों के स्तर पर और नेतृत्व के स्तर पर भारत के साथ हमारा संपर्क बना हुआ है।