शादाब हुसैन
बहराइच। जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने वैदिक मंत्रोचार के बीच श्रावस्ती किसान सहकारी चीनी मिल, नानपारा के गन्ना पेराई सत्र 2020-21 का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री कुमार ने मिल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन के मंशानुसार चीनी मिल को पूरी क्षमता से संचालित करने के साथ गन्ना किसानों के हित में कार्य करने के निर्देश दिये।
इससे पूर्व पेराई सत्र के शुभारम्भ अवसर पर मिल में हवन पूजा, बैल पूजन, काॅटा पूजन इत्यादि कार्यक्रम परम्परागत ढ़ंग से सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी श्री कुमार ने मिल गेट पर विकास खण्ड बलहा के ग्राम गुलाल पुरवा के गन्ना उत्पादक किसान मोती लाल द्वारा लायी गयी पहली बैलगाड़ी तथा विकास खण्ड शिवपुर के ग्राम मसूदनगर बस्थनवा के गन्ना उत्पादक किसान पन्ना लाल द्वारा लायी पहली ट्राली को तौल कर उसकी पर्ची निकाली। इसके उपरान्त जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने ढोला में गन्ना डालकर पेराई सत्र 2020-21 का शुभारम्भ किया।
शुभारम्भ अवसर पर सांसद बहराइच अक्षयवर लाल गोड़, विधायक बलहा श्रीमती सरोज सोनकर, पुलिस अधीक्षक डा. विपिन कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी नानपारा सूरज पटेल आईएएस, चीनी मिल के महाप्रबन्धक प्रदीप त्रिपाठी, जिला गन्ना अधिकारी शैलेष कुमार मौर्य, मुख्य रसायनविद दिनेश आदि मौजूद थे।