प्रतापगढ़, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में शीर्ष प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोपों की बाढ़ सी आ गई है। ताजा मामला प्रतापगढ़ का है, जहां के जिलाधिकारी के साथ ही दो एसडीएम पर गंभीर आरोप लगाकर एक अतिरिक्त एसडीएम अपनी पत्नी के साथ डीएम के सरकारी बंगले में धरने पर बैठे। प्रतापगढ़ में शुक्रवार को जिलाधिकारी और दो एसडीएम के खिलाफ अतिरिक्त एसडीएम विनीत कुमार उपाध्याय का धरना करीब चार घंटा बाद समाप्त हो गया। उनको डीएम से पट्टा आवंटन में घपले पर कार्रवाई का आश्वासन मिला है। हालांकि शाम को शासन ने पीसीएस अफसर उप जिलाधिकारी विनीत कुमार उपाध्याय के खिलाफ अनुशासनिका कार्रवाई करते हुए निलंबित कर दिया।
प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी डॉ. रूपेश कुमार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उनके कैंप कार्यालय में परिवार समेत धरने पर बैठे अतिरिक्त एसडीएम विनीत कुमार उपाध्याय के इस कृत्य को अनुशासनहीनता मानते हुए शासन ने उन्हें निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ अनुशासनिक जांच का निर्देश भी दिया है। निलंबन की अवधि में उपाध्याय राजस्व परिषद से संबद्ध रहेंगे। उनके खिलाफ अनुशासनिक जांच प्रयागराज मंडल के आयुक्त करेंगे।