Home / पुलिस विभाग के लिए बनाए जाने वाले आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाए जाने तथा सभी निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए:योगी

पुलिस विभाग के लिए बनाए जाने वाले आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाए जाने तथा सभी निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए:योगी

Spread the love

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने पुलिस विभाग के लिए बनाए जाने वाले आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाए जाने तथा सभी निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जी ने यह भी निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं पूर्ण गुणवत्ता युक्त हों।

अपर मुख्य सचिव, गृह व सूचना, श्री अवनीश कुमार अवस्थी जी ने मुख्यमंत्री जी की घोषणाओं एवं प्राथमिकताओं से आच्छादित पुलिस विभाग से संबंधित निर्माण कार्यों की समीक्षा की। प्रदेश के लगभग समस्त जनपदों में गृह विभाग संबंधित 470 परियोजनाओं का निर्माण कार्य प्रचलित/प्रगति पर है। 470 परियोजनाओं में से 361 परियोजनाएं ₹5 करोड़ तक की लागत, 95 परियोजनाएं ₹5 करोड़ से ₹25 करोड़ की लागत के बीच तथा 14 निर्माण कार्य ₹50 करोड़ की लागत तक के हैं।

प्रदेश में पहली बार पुलिसकर्मियों हेतु 44 जनपदों की पुलिस लाइन में पुरुष/महिलाओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल का निर्माण, 31 पीएसी वाहिनियों में 200 व्यक्तियों की क्षमता के बैरक का निर्माण तथा 322 पुलिस थानों में विवेचना कक्ष, हॉस्टल एवं बैरकों का निर्माण कार्य प्रचलित है। इससे पुलिस थानों में अधीनस्थ कार्मिकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं प्रदान कराई जा सकेंगी।

पुलिस लाइन की बैरकों में निवास करने वाले प्रदेश के पुलिसकर्मियों को शीघ्र ही अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नए हॉस्टल में प्रत्यापित कराए जाने हेतु कार्यवाही प्रचलित है। इसके लिए पुलिसकर्मियों की आवासीय सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किए जाने के उद्देश्य से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त लगभग ₹2,788 करोड़ की लागत से 470 परियोजनाओं से संबंधित निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। पुलिसकर्मियों की आवासीय एवं अनावासीय व्यवस्थाओं को सुविधा युक्त किए जाने साथ-साथ सरकार द्वारा 69 नए अग्निशमन केन्द्रों, 37 थानों एवं 13 चौकियों के निर्माण के संबंध में भी कार्यवाही प्रचलित है।

अपर मुख्य सचिव, गृह व सूचना, श्री अवनीश कुमार अवस्थी जी ने कार्यदायी संस्थाओं को स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष शीघ्र उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने 09 पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों यथा शहीद गुलाब सिंह लोधी पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय उन्नाव, पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय गोरखपुर, पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मुरादाबाद, पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय सीतापुर, पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय सीतापुर, पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय मुरादाबाद, पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मेरठ, डॉ. भीमराव अम्बेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद एवं शस्त्र पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय चुनार, मिर्जापुर के निर्माण कार्य में और अधिक गति प्रदान करने हेतु संबंधित अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए हैं।

ACS, गृह व सूचना, श्री अवनीश कुमार अवस्थी जी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए हैं कि जनपद गोरखपुर, बदायूं व लखनऊ में महिला पीएसी वाहिनी के आवासीय व अनावासीय भवनों के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप हो। अपर मुख्य सचिव, गृह व सूचना, श्री अवनीश कुमार अवस्थी जी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि 7 नवसृजित जनपदों यथा अमरोहा, अमेठी, सम्भल, शामली, औरैया, हापुड़ व चन्दौली में पुलिस लाइन की स्थापना व निर्माण कार्यों को और अधिक गति प्रदान की जाए।

अपर मुख्य सचिव, गृह व सूचना, श्री अवनीश कुमार अवस्थी जी ने कार्यदायी संस्थाओं द्वारा निर्माण संबंधी कार्यों को पूरा किए जाने में किसी भी प्रकार की कठिनाई आने पर संस्थाओं से प्रगति आख्या सुसंगत अभिलेखों सहित समीक्षा बैठक में लाने के निर्देश भी दिए। समीक्षा बैठक के दौरान गृह एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं यथा पुलिस आवास निगम, यूपी सिडको, लोक निर्माण, आवास विकास परिषद, राजकीय निर्माण निगम, जल निगम, प्रोजेक्ट कॉर्पोरेशन आदि के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया एवं प्रगति से अवगत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *