पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राज्य इकाई में अंदरूनी कलह के बीच पार्टी आलाकमान से मिलने के लिए दिल्ली रवाना होने से कुछ मिनट पहले AAP के तीन निष्कासित विधायकों का कांग्रेस में स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि AAP नेता सुखपाल सिंह खैरा, जगदेव सिंह कमलू और पिरमल सिंह धौला पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी द्वारा उनके प्रवेश को मंजूरी मिलने के बाद ही कांग्रेस में शामिल हुए हैं।
कांग्रेस की पंजाब इकाई के ट्वीट के मुताबिक, “मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दिल्ली रवाना होने से पहले विधायक सुखपाल खैरा एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष और AAP के उनके दो सहयोगी विधायक मौर के जगदेव सिंह कमलू और भदौर के विधायक पिरमल सिंह धौला का पार्टी में स्वागत किया।” बता दें कि कांग्रेस छोड़ने के बाद, खैरा दिसंबर 2015 में AAP में शामिल हो गए थे। वह 2017 में AAP की टिकट पर भोलथ विधानसभा सीट से निर्वाचित हुए थे। उन्होंने जनवरी 2019 में AAP की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और अपनी खुद की पार्टी ‘पंजाब एकता पार्टी’ शुरू की थी।