भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह (Dr Manmohan Singh) का आज (शनिवार) जन्मदिन है. आज वह अपना 88वां जन्मदिन मना रहे हैं. देश की दिग्गज हस्तियां डॉक्टर सिंह को शुभकामनाएं दे रही हैं. उन्हें बधाई देते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने ट्वीट किया ‘भारत प्रधानमंत्री में डॉक्टर मनमोहन सिंह की तरह गहराई की अनुपस्थिति को महसूस कर रहा है. उनकी (डॉक्टर मनमोहन सिंह) ईमानदारी, शालीनता और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्हें जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं. आने वाला उनका साल बेहतर हो.
कांग्रेस सांसद शशि थरूर, जयवीर शेरगिल, रोहन गुप्ता समेत कई हस्तियों ने डॉक्टर मनमोहन सिंह को सोशल मीडिया के माध्यम से जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. मनमोहन सिंह साल 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे थे. उनका जन्म भारत के विभाजन से पहले पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में 26 सितंबर, 1932 को हुआ था.