कांग्रेस पार्टी में बागी रुख अपनाए G-22 नेताओं में शामिल और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व पर फिर सवाल उठा दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा है कि देश में पार्टी के विस्तार के लिए लीडरशिप को दुरुस्त करने की आवश्यकता है। कांग्रेस पार्टी में पिछले साल 23 नेताओं ने सोनिया गांधी को लेटर लिखकर जल्द संगठन चुनाव की मांग की थी, जिसे राजनीतिक हलकों में G-23 का नाम दिया गया। जितिन प्रसाद के हाल ही में बीजेपी में शामिल होने के बाद इस समूह में 22 नेता बचे हैं।
जयराम रमेश ने न्यूज चैनल एनडीटीवी से बातचीत में कहा, ”हम 2014 और 2019 (लोकसभा चुनाव) में बुरी तरह हारे। हमें अपने घर को ठीक करना होगा। हमें अपने नेतृत्व को दुरुस्त करना होगा। संवाद को ठीक करना होगा… किसी नेता के पास जादू की छड़ी नहीं है, यह एक टीम प्रयास है।” वरिष्ठ नेता ने यह भी कहा कि अगले चुनाव से पहले पार्टी को समान विचारधारा वाली पार्टियों को साथ जोड़ना होगा। इससे पहले कपिल सिब्बल, गुलाम नबी आजाद जैसे वरिष्ठ नेता भी जल्द संगठन चुनाव और पूर्णकालिक अध्यक्ष की मांग कर चुके हैं। पार्टी ने हाल ही में संगठन चुनाव को महामारी की वजह से टाल दिया है।