एशियन गेम्स में लवलीना बोरगोहेन का गोल्ड, प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

नई दिल्ली | शाबू ज़ैदी

भारत की स्टार बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में लवलीना ने चीन की बाओ ज़ियी को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराया।

लवलीना की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए उनकी मेहनत, दृढ़ संकल्प और खेल के प्रति समर्पण की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि लवलीना की खेल यात्रा उल्लेखनीय दृढ़ता और उत्कृष्टता को दर्शाती है तथा उनके आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।

लवलीना के लिए यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि उन्होंने अपने 29वें जन्मदिन के दिन यह स्वर्ण पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ वह एशियन गेम्स में बॉक्सिंग का स्वर्ण जीतने वाली मैरी कॉम के बाद दूसरी भारतीय महिला बॉक्सर बन गई हैं। मैरी कॉम ने 2014 में यह उपलब्धि हासिल की थी।

लवलीना ने इससे पहले 2022 हांगझोऊ एशियन गेम्स में रजत पदक जीता था। इस बार उन्होंने रजत को स्वर्ण में बदलते हुए भारतीय बॉक्सिंग के इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया। उनकी जीत को भारतीय खेल जगत में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी की ओर से दी गई बधाई के बाद लवलीना की इस उपलब्धि को लेकर देशभर में खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *