Home / आज से बदलेगा मौसम, चार दिन तक चलेगा आंधी-पानी का सिलसिला

आज से बदलेगा मौसम, चार दिन तक चलेगा आंधी-पानी का सिलसिला

Spread the love

11/06/2020

तेज धूप, तपन और उमस से बेहाल यूपी वालों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने गुरुवार से 14 जून के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार जताए हैं।

मौसम निदेशक जेपी गुप्त का कहना है कि अब हवा का रुख पछुवा के बजाए दक्षिणी-पूर्व का होगा। पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में होने वाले इस बदलाव की वजह से प्रदेश में कई दिन आंधी-पानी का सिलसिला बना रहेगा। हालांकि यह बारिश छिटपुट ही होगी। हालांकि गुरुवार को लखनऊ और आसपास के इलाके में मौसम साफ ही रहने के आसार जताए गए हैं।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को प्रदेश के सबसे गरम स्थान प्रयागराज और आगरा रहे। यहां दिन का तापमान क्रमश: 43-43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उरई में पारा 42 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। लखनऊ और आसपास के इलाके में भी दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा।

तापमान से ज्यादा महसूस हुई गर्मी और उमस
जितना तापमान नहीं चढ़ा उससे कहीं ज्यादा लोगों ने गर्मी महसूस की। बाहर निकलने वाले बुधवार को सुबह से शाम तक पसीने में तर रहे। गर्मी के साथ उमस ने पूरे यूपी को बेहाल रखा। लखनऊ में दिन में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

पूरे बिहार में बारिश के आसार
बिहार के विभिन्न शहरों में बुधवार की देर शाम से प्री मानसून बारिश का पूर्वानुमान किया गया है। पटना में भी गुरुवार को बारिश हो सकती है। राज्य में कुछ जगहों पर तेज-आंधी और ठनका गिरने का अभी अलर्ट है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पिछले 48 घंटे में मानसून के विभिन्न क्षेत्रों में विकसित होने की परिस्थितियां तेज हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *