Home / उत्तर प्रदेश / अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव बहुत अहम है

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव बहुत अहम है

Spread the love

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। ये चुनाव आने वाली पीढ़ी और देश का भविष्य भी तय करने वाले साबित होंगे। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में भाजपा को पराजित कर जनता की उम्मीदों को पूरा करेगी। समाजवादी पार्टी के पास भविष्य का विजन और विकास का मॉडल है। समाजवादी सरकार में विकास के जो मानक तय किए थे वही ‘‘समाजवादी माडल‘‘ है जिससे लोक कल्याणकारी राज्य का निर्माण होता है। जनता समाजवादी पार्टी पर ही उसके सपनों को पूरा करने की क्षमता पर भरोसा रखती है।
श्री अखिलेश यादव आज समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में बड़ी संख्या में एकत्र समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आव्हान किया कि वे एकजुटता, निष्ठा और ईमानदारी से बूथ मजबूत करने के काम में अभी से जुट जांए।
श्री यादव ने कार्यकर्ताओं को सजग करते हुए कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में कोई चूक नहीं होनी चाहिए। सन् 2022 के विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना चाहती थी, उसने समाजवादी सरकार बनाने के लिए समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जमकर वोट किया था लेकिन भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग, झूठ, छल और बल से परिणाम को प्रभावित किया।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी में अब आपसी गुटबंदी नहीं चलेगी। समाजवादी कार्यकर्ता इस बार चूक न करें। बूथ स्तर पर लोकतंत्र को बचाना है। लोकसभा चुनाव बहुत ही गंभीरता से लड़ना और जीतना है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार की विकास योजनाएं ही आज दिखाई दे रही है और उनसे जनता को लाभ मिल रहा है। भाजपा ने तो समस्याएं ही समस्याएं पैदा की है। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। हर वर्ग परेशान है। किसान, नौजवान, मजदूर सभी जीवनयापन के लिए संघर्ष कर रहे हैं। भाजपा सरकार ने छह साल में जनहित की कोई योजना नहीं चलाई है।
प्रदेश में विकास कार्य ठप्प हैं। चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाएं चौपट हैं। मरीजो को अस्पतालों में सामान्य इलाज भी नहीं मिल पा रहा है। खुलेआम हत्याएं हो रही है। चारों तरफ अराजकता है। गरीबों के साथ अन्याय हो रहा है। किसी को भी न्याय नहीं मिल रहा है।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का काम करेगी। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए संकल्पित है।
(राजेन्द्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *