26 अगस्त को शानो-शौकत और अनुशासन के साथ निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी ﷺ
लखनऊ, 16 अगस्त 2026। ऑल इंडिया मोहम्मदी मिशन की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक मदनी मसकन, बालागंज में मिशन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष हज़रत सैयद अयूब अशरफ किछौछवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी ﷺ और 26 अगस्त को प्रस्तावित परंपरागत मरकज़ी जुलूस-ए-मोहम्मदी ﷺ की तैयारियों के साथ संगठन के विस्तार और मजबूती पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए हज़रत सैयद अयूब अशरफ किछौछवी ने बताया कि 25 अगस्त की रात जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी ﷺ अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जाएगा, जबकि 12 रबीउल-अव्वल, 26 अगस्त 2026 को लखनऊ में जुलूस-ए-मोहम्मदी ﷺ पूरी शानो-शौकत, अदब और अनुशासन के साथ निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि जुलूस की तैयारियों को लेकर विभिन्न अंजुमनों, उलेमा, आइम्मा-ए-मसाजिद, बुद्धिजीवियों और सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय बैठकों का सिलसिला शुरू हो चुका है।
मिशन के उपाध्यक्ष डॉ. सैयद शहाबुद्दीन अशरफ ने सभी आइम्मा-ए-मसाजिद से अपील की कि आगामी जुमे के खुत्बे और बयानों में जुलूस-ए-मोहम्मदी ﷺ के महत्व तथा उसमें शामिल होने के आदाब पर विशेष रूप से प्रकाश डालें। उन्होंने जुलूस में डीजे का इस्तेमाल न करने और हल्के व मर्यादित साउंड सिस्टम के उपयोग की अपील की। साथ ही रिकॉर्डेड नातों के बजाय स्वयं नात-ए-पाक पढ़ने का आग्रह किया।
मिशन के सेक्रेटरी जनरल सैयद बाबर अशरफ ने नबी-ए-करीम ﷺ की सीरत, अख़लाक, रहमत, इंसानियत और उम्मत से मोहब्बत को अपनी जिंदगी में अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से अपने घरों को झंडों और रोशनी से सजाने, महफ़िल-ए-मिलाद आयोजित करने तथा दुरूदो-सलाम का एहतिमाम करने की अपील की। साथ ही देश की तरक्की, खुशहाली, अमन और भाईचारे के लिए दुआ करने की अपील की।
बैठक में संगठन को मजबूत करने के लिए कई प्रस्ताव भी रखे गए। डॉ. सैयद शहाबुद्दीन अशरफ और कारी गुलाम सुब्हानी को उपाध्यक्ष, मकसूद अशरफ सिद्दीकी को सचिव, इफ्तेखार खान को सहायक सचिव तथा एडवोकेट इरफान कादरी और सैयद मोहम्मद आमिर को लीगल एडवाइज़र नियुक्त किए जाने के प्रस्ताव को उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया।
मिशन के सचिव मकसूद अशरफ सिद्दीकी ने कहा कि सभी जोनल कमेटियों और अंजुमनों के जिम्मेदारों तक आवश्यक दिशा-निर्देश पहुंचाए जाएंगे। वहीं जोनल अध्यक्ष शादाब हयात खान ने सोशल मीडिया के माध्यम से मिशन के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
बैठक में वरिष्ठ मीडिया प्रभारी वहीदुल हसन सिद्दीकी, जोनल अध्यक्ष सईद वारसी, मोहम्मदी नौशाद, मोहम्मद सैफ, मोहम्मद रिजवान, अब्दुल रहमान, मीडिया प्रभारी इरफान अशरफी, प्रवक्ता सैयद जुनैद अशरफ सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
बैठक का आगाज़ तिलावत-ए-कुरआन-ए-पाक से हुआ। इसके बाद नात-ए-पाक पेश की गई और अंत में सलातो-सलाम तथा देश में अमन, खुशहाली, तरक्की और भाईचारे के लिए विशेष दुआ के साथ बैठक का समापन हुआ।
