मशहूर ज्योतिषी बेजन दारूवाला का शुक्रवार को निधन हो गया। 90 वर्षीय दारूवाला को कोरोना वायरस से संक्रमण के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अहमदाबाद नगर निगम ने 22 मई को उनके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि की थी।
हालांकि मीडिया से बातचीत में उनके बेटे ने कोरोना संक्रमण के चलते दारूवाला के निधन से इनकार किया है। बेजन दारूवाला के बेटे नास्तुर दारूवाला ने कहा कि निमोनिया और ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी मौत हुई है।
बेजन दारूवाला के निधन पर गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने भी शोक जताया है। उन्होंने लिखा, ‘मशहूर ज्योतिषी बेजन दारूवाला के निधन की खबर सुनकर दुख दुआ। उनकी आत्मा की शांति के लिए मैं प्रार्थना करता हूं। मेरी श्रद्धांजलि, ॐ शांति!’ इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी लोग बेजन दारूवाला को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।