21 मार्च 2023 लखनऊ।
दिनांक 21.03.2023 को कलेक्ट्रेट स्थित डा० ए०पी०जे०अब्दुल कलाम सभागार में निदेशक पंचायतीराज श्री प्रमोद कुमार उपाध्याय व ज़िलाधिकारी लखनऊ श्री सूर्य पाल गंगवार द्वारा जिला स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण कमेटी की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में पूर्व में निर्मित व्यक्तिगत शौचालय के प्रयोग, शौचालय निर्माण से वंचित पात्र लाभार्थियों का ग्राम पंचायत स्तर से आवेदन, सामुदायिक शौचालय के संचालन एवं प्रयोग किये जाने, ओ०डी०एफ० प्लस के अन्तर्गत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की गतिविधियों का संचालन कराते हुए ग्राम पंचायतों को मॉडल ग्राम पंचायत बनाये जाने के सम्बंध में दिशा निर्देश दिये गये।
बैठक में ज़िलाधिकारी द्वारा सबसे पहले व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की समीक्षा की गई। समीक्षा में संज्ञान में आया कि विगत वर्ष का अवशेष 2411 शौचालय रहा, साथ ही वर्ष 2022-23 में 5655 शौचालय के लक्ष्य को सम्मिलित करते हुए जनपद को 8066 शौचालय निर्माण का लक्ष्य प्राप्त हुए जिसके सापेक्ष शत प्रतिशत शौचालयों की प्रथम किश्त जारी की जा चुकी है और 4014 शौचालयों की द्वितीय किश्त जारी की जा चुकी है। शेष 4052 की शौचालयों की किश्त का भुगतान कराया जा रहा है। ज़िला पंचायतीराज अधिकारी द्वारा बताया गया कि बेस लाइन सर्वे के सभी लाभार्थियों योजना संतृप्त किया जा चुका है। वर्तमान में जो पात्र लाभार्थी छूट गए थे उनका ऑनलाइन आवेदन के द्वारा पात्रता की जांच करते हुए शौचालय निर्माण कराया जा रहा है। जिसके सम्बन्ध में ज़िलाधिकारी द्वारा सभी ग्राम सचिवों को निर्देश दिए गए कि जो लोग पात्र है और उनके शौचालय नही बने है अभी तक उनके ऑनलाइन आवेदन कराते हुए उनके शौचालयों का निर्माण कराना सुनिश्चित किया जाए। सभी पात्र लाभार्थियों के ऑनलाइन आवेदन कराने की ज़िम्मेदारी ग्राम सचिवों की होगी।
ज़िलाधिकारी द्वारा बैठक में निर्देश दिए गए कि शौचालय निर्माण के साथ साथ इस बात को भी सुनिश्चित किया जाए कि कितने शौचालयो का उपयोग किया जा रहा है और कितने शौचालय अनुपयोगी हो गए है। ज़िलाधिकारी द्वारा बैठक में उपस्थित समस्त ए0डी0ओ0 पंचायत को निर्देश दिए गए कि आगामी 10 दिनों के भीतर ग्रामो में सर्वे कराया जाए कि कितने शौचालयों का वर्तमान में उपयोग हो रहा है और कितने का नही। जो शौचालय जिनका उपयोग नही हो रहा है उनको टोका जाए और शौचालय उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाए। ज़िलाधिकारी द्वारा बताया गया कि समान्यतः यह देखा गया है कि शौचालयों में पानी की व्यवस्था के आभाव में उनको उपयोग नही किया जाता है। जिसके लिए निर्देश दिया गया कि जल जीवन मिशन अंतर्गत जिन घरों में पानी के कनेक्शन दिए गए है उनमें यदि स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालयों का निर्माण है उनमें एक पानी का कनेक्शन शौचालय में भी दिया जाए।
उक्त के बाद बैठक में सामुदायिक शौचालयों के निर्माण की समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि 494 के लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत शौचालयों का निर्माण कराया जा चुका है। ज़िलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि सभी सामुदायिक शौचालयों में लगी टाइल्स की स्थिति, वाटर सप्लाई की स्थिति, सीट्स की स्थित का निरीक्षण करते हुए फ़ोटो सहित रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। साथ ही निर्देश दिया गया कि सभी शौचालयों में साफ सफाई की व्यवस्था को सुनिश्चित किया जाए। ज़िला पंचायतीराज अधिकारी द्वारा बताया गया कि सामुदायिक शौचालयों में SHG ग्रुप द्वारा सफाई का कार्य कराया जा रहा है जिसके लिए साफ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए मानदेय दिया जाता है। जिसके सम्बन्ध में ज़िलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि हर ब्लाक स्तर पर समुदायिक शौचालयों की स्वच्छता की प्रतियोगिता कराई जाए। हर ब्लाक से प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले केयर टेकरो की जनपद स्तर पर प्रतियोगिता कराते हुए टॉप 10 केयर टेकरो जिनके शौचालय सबसे स्वच्छ हो उनको सम्मानित किया जाए।
निदेशक पंचायतीराज द्वारा बताया गया कि लोगो प्रेरित किया जाए कि वह बाहर खुले में शौच न करे। अपने शौचालयों का प्रयोग करे। साथ ही जो लोग खुले में शौच को जा रहे हो उनपर रोका टोकी की जाए ताकि वह शौच करने शौचालय में ही जाए।
उक्त बैठक में मुख्य विकास अधिकारी लखनऊ, जिला पंचायत राज अधिकारी लखनऊ समेत समिति के सदस्यों द्वारा प्रतिभाग किया गया।





