Home / उत्तर प्रदेश / भाजपा राज में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सम्भव नहीं:अखिलेश यादव

भाजपा राज में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सम्भव नहीं:अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विरोधी दल श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि आज विधान परिषद खण्ड स्नातक तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हो रहे मतदान को भाजपा ने प्रभावित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। भाजपा राज में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सम्भव नहीं रह गया है। मतदान केन्द्रों में भाजपा के नेताओं की धांधली रोकने में पुलिस प्रशासन का दिलचस्पी न लेना लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है।
विधान परिषद खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र बरेली-मुरादाबाद के जनपद बदायूं के बूथ नगरपालिका परिषद बिल्सी पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता चेतन यादव को मतदान अधिकारी ने बूथ एजेंट बनाने से यह कहकर मना कर दिया कि आप तो यादव हो इसलिए आपको एजेंट नहीं बनाया जा सकता है।
विधान परिषद के लिए शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र इलाहाबाद-झांसी के जनपद जालौन में मतदान केन्द्र राजकीय बालिका इंटरकॉलेज स्टेशन रोड, उरई पर भाजपा नेता, पूर्व सांसद श्री घनश्याम अनुरागी द्वारा पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से मतदान में गड़बड़ी की गई है। झांसी-इलाहाबाद शिक्षक खण्ड में चित्रकूट के पहाड़ी ब्लाक के प्रमुख श्री सुनील द्विवेदी ने मतदान को प्रभावित किया है।
श्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्री नरेश उत्तम पटेल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं मुख्य निर्वाचन आयुक्त, भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली से मांग की है कि भाजपा और पुलिस प्रशासन द्वारा विधान परिषद खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान में की अनियमितता की जांच कर दोषियों के विरूद्ध कठोर से कठोर कार्यवाही करे ताकि भविष्य में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न हो सके।
(राजेन्द्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *