महापुरुषो की पावन भूमि पर आशीर्वाद लेने पहुंची जन विश्वास यात्रा : योगी आदित्यनाथ
शादाब हुसैन
बहराइच।जिले की तहसील महसी के रमपुरवा चौराहा के निकट आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाराजा सुहेल देव, बालार्क ऋषि, महाराजा बलभद्र सिंह की पावन भूमि पर प्रदेश सरकार ने जो कार्य किया है उन कार्यों के लिए आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए जन विश्यास यात्रा आयी है। श्री योगी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री का निर्देश है कि भारत सरकार की हर योजना प्रदेश के हर जनपद और हर क्षेत्र में पहुॅचनी चाहिए। सभी योजनाओं से प्रदेश के सभी जनपद आच्छादित होने चाहिए। प्रदेश के 75 जनपदों के लिए 5 सौ बेड का लोकार्पण और 250 का शिलान्यास किया गया है। प्रदेश के 75 जनपदों को नवीन 750 हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर की सौगात मिल रही है, यह विकास की सोच है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महापुरूषों के सम्मान में महाराजा सुहेलदेव का भव्य स्मारक बनाने का कार्य डबल इंजन की सरकार द्वारा किया जा रहा है। इसी के साथ ही जिला अस्पताल का नामकरण महर्षि बालार्क ऋषि के नाम से किया गया हैं। उन्होंने कहा कि विशाल भारत देश को एक सूत्र में बांधने वाले सरदार बल्लभ पटेल के नाम पर भारत सरकार ने उनकी जन्मभूमि पर संसार की सबसे बड़ी मूर्ति स्थापित की है जो एक एतिहासिक कार्य है। मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में यह भी कहा कि हर गरीब को मकान, शौचालय, नौजवान को नोकरी और रोज़गार की गारन्टी मिली है और यही नहीं हर गरीब को अन्न योजना का लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आपने देखा होगा कि कोरोना महामारी के दौरान से ही जॉच, उपचार, वैक्सीनेशन, अन्न योजना का लाभ केन्द्र व प्रदेश सरकार के द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी अन्न योजना प्रदेश शासन के स्तर से वितरित हो रहा है। आगामी 28 दिसम्बर से प्रदेश के लोगों को प्रधानमंत्री अन्न योजना का लाभ दिया जायेगा। आगामी माह किलो चीनी, 1 किलो प्रति यूनिट पर 5 किलो खाद्यान्न एवं हर कार्डधारक को दाल, खाद्य तेल मिलेगा। यह है रामराज्य की परिकल्पना की सरकार के ईमानदार सोच और दमदार काम का नतीजा है कि नागरिकों को निःशुल्क खाद्यान्न, वैक्सीन उपलब्ध कराया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार सर्वाेच्च प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ लोक कल्याण ही एक मात्र घ्येय है। श्री योगी ने कहा कि अभी कुछ दिन पूर्व ही देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जनपद बलरामपुर में सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना का लोकार्पण किया गया। सरयू नहर परियोजना दृढ़ इच्छा शक्ति के अभाव में 1972 में शुरू हुई लेकिन परियोजना वर्ष 2017 तक जस की जस पड़ी रही, विगत 4 वर्ष में केन्द्र सरकार व राज्य सरकार के प्रयास से यह योजना परवान चढ़ी और 30 लाख किसानों के चेहरों पर मुस्कान आयी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जहॉ एक ओर मज़बूती के साथ विकास के कार्य हो रहे हैं, लोगों को अच्छी सड़क, बिजली, पानी, मकान एवं शौचालय, बिजली कनेक्शन, आयुष्मान भारत योजना, अन्न योजना इत्यादि का लाभ दिया जा रहा है वही दूसरी ओर यदि कोई पेशेवर माफिया किसी गरीब की सम्पत्ति की ओर बुरी नज़रों से देखता है तो वहॉ पर सरकार का बुल्डोज़र भी तैयार रहता है। इसके उपरान्त मुख्यमंत्री जन विश्वास यात्रा में भी शामिल हुए।
इससे पूर्व जनसभा को केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री, सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, सांसद कैसरगंज बृज भूषण शरण सिंह, सांसद बहराइच अक्षयवर लाल गोड, पूर्व सांसद पदमसेन चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा शेष नारायण मिश्रा, विधायक महसी सुरेश्वर सिंह, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, विधायक सदर अनुपमा जायसवाल, विधायक बलहा सरोज सोनकर, पूर्व विधायक अरूणवीर सिंह ने सम्बोधित किया। जनसभा का संचालन भाजपा जिला प्रभारी नीरज सिंह ने किया। इस अवसर पर राजसभा सांसद संजय सेठ, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा विजय बहादुर पाठक, जन विश्वास यात्रा प्रमुख अवध क्षेत्र दिनेश तिवारी, मनीष साहनी, नीलम सिंह, मयंकर सिंह व जिला अध्यक्ष श्याम करण टेकड़ीवाल सहित अन्य जन प्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी, डीआईजी उपेन्द्र कुमार अग्रवाल, अपर आयुक्त राकेश चन्द्र शर्मा, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र, पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना, अन्य प्रशासनिक, पुलिस व अन्य अधिकारी तथा भारी संख्या में आमजन मौजूद रहे।