Home / फिर TMC नेता के घर गए राजीब बनर्जी, पार्टी छोड़ने वालों को BJP ने मैसेज के साथ दी खुली छूट।

फिर TMC नेता के घर गए राजीब बनर्जी, पार्टी छोड़ने वालों को BJP ने मैसेज के साथ दी खुली छूट।

Spread the love

मुकुल रॉय के तृणमूल कांग्रेस में लौटने के बाद पश्चिम बंगाल के पूर्व वन मंत्री राजीब बनर्जी के भी ‘ममता की छांव’ में लौटने को लेकर अटकलें तेज हैं। लगातार दूसरे दिन वह किसी टीएमसी नेता के घर पहुंचे हैं। तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए कई नेता पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के बाद फिर से तृणमूल कांग्रेस में जाने की तैयारी में हैं। इस बीच, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने रविवार को कहा कि जो लोग बिना त्याग किए सत्ता का आनंद लेना चाहते हैं, उन्हें जाने के लिए कहा जाएगा। घोष ने शुक्रवार को कहा था कि पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय के जाने से बहुत फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि ”कुछ लोगों को पार्टियां बदलने की आदत होती है।”
उन्होंने बांग्ला भाषा में ट्वीट किया, ”अगर किसी को भाजपा में रहना है, तो उसे बलिदान देना होगा। जो केवल सत्ता का आनंद लेना चाहते हैं, वे भाजपा में नहीं रह सकते। हम उन्हें नहीं रखेंगे।” वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व सांसद अनुपम हाजरा ने कहा कि जो सदस्य इस समय पार्टी के साथ खड़े होने को तैयार नहीं हैं, जब ”इसके कई कार्यकर्ता तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के हमलों का सामना कर रहे हैं और बेघर हो रहे हैं, वे जाने के लिए स्वतंत्र हैं।”
चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए राज्य के पूर्व मंत्री राजीव बनर्जी पर निशाना साधते हुए हाजरा ने कहा, ”उनके जैसे नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस की जीत के तुरंत बाद उसकी प्रशंसा करनी शुरू कर दी है। पार्टी में उनकी जरूरत नहीं है।’ रॉय के टीएमसी में फिर से शामिल होने के तुरंत बाद, राजीव बनर्जी ने पार्टी के राज्य महासचिव कुणाल घोष से मुलाकात की, लेकिन दोनों ने इसे ”शिष्टाचार” भेंट बताया। रविवार को वह कोलकाता में पार्था चटर्जी के घर पहुंचे, जिनकी मां का निधन हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *