राज्य में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने एक बार फिर भाजपा को निशाने पर लिया है। महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य में भाजपा के सारे सांसद और विधायक दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री से मुलाकात करें और झारखंड को कोरोना से लड़ने के लिए सारे संसाधन उपलब्ध कराएं। झारखंड मुक्ति मोर्चा उनके दिल्ली जाने के लिए चार्टर्ड प्लेन की व्यवस्था कराएगी। झामुमो का दावा है कि झारखंड
में अब कोरोना वैक्सीन का भंडार इतना भी नहीं है कि लोगों को दूसरा डोज दिया जा सके। इसके अलावा अन्य मेडिकल मेडिकल संसाधनों के लिए भी केंद्र सरकार से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है।
झामुमो महासचिव ने कहा, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सही बात भी भाजपा के नेताओं को बुरी लग रही है। उनकी बातों पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। जिस तरह से भाजपा के नेताओं ने विरोध में सुर एक किया है, वैसे ही राज्य में मेडिकल संसाधनों की कम आपूर्ति पर केंद्र से बात करेंगे तो बड़ी राहत मिल सकती है। झारखंड सरकार ने केंद्र सरकार से वैक्सीन के लिए 4.5 करोड़ डोज मांगा, लेकिन झारखंड को केवल 29.83 लाख डोज ही मिल पाया।