बिहार में बाढ़ नियंत्रण और गंडक नहर परियोजनाओं को गति देने पर अहम बैठक
नई दिल्ली | शाबू ज़ैदी
बिहार में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बाढ़ नियंत्रण और गंडक नहर परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से नई दिल्ली में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल के साथ बिहार में जल संसाधन प्रबंधन और बाढ़ नियंत्रण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में राज्यसभा सांसद संजय झा, बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, जलशक्ति सचिव अर्चना वर्मा, जल संसाधन सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह और केंद्रीय जल आयोग (CWC) के अध्यक्ष अनुपम प्रसाद भी शामिल हुए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य बिहार में बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी उपायों को आगे बढ़ाना और गंडक नहर परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाना रहा। इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में जल प्रबंधन को बेहतर बनाने, सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं को विकसित करने पर जोर दिया गया।
बिहार में हर साल बाढ़ के कारण कई क्षेत्रों में जनजीवन और कृषि गतिविधियां प्रभावित होती हैं। ऐसे में बाढ़ नियंत्रण की योजनाओं और सिंचाई परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाना राज्य के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
