सरत भरूचा की रीढ़ में फ्रैक्चर, जानिए कब पड़ती है सर्जरी की जरूरत और कितनी लंबी होती है रिकवरी
मुंबई | शाबू ज़ैदी
बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर की खबर सामने आने के बाद स्पाइनल फ्रैक्चर को लेकर चर्चा तेज हो गई है। आमतौर पर रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर तेज चोट, सड़क हादसे, ऊंचाई से गिरने या खेल के दौरान लगे गंभीर ट्रॉमा के कारण हो सकता है। उम्र बढ़ने के साथ हड्डियां कमजोर होने पर मामूली चोट से भी वर्टिब्रा में फ्रैक्चर हो सकता है।
डॉक्टरों के मुताबिक, हर स्पाइनल फ्रैक्चर में सर्जरी जरूरी नहीं होती। यदि फ्रैक्चर स्थिर है और नसों या स्पाइनल कॉर्ड पर दबाव नहीं है, तो दवाओं, ब्रेस, आराम और फिजियोथेरेपी से इलाज संभव है। वहीं, हड्डी खिसकने, रीढ़ अस्थिर होने या नसों पर दबाव पड़ने की स्थिति में सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है।
हाथ-पैर में सुन्नपन या कमजोरी, चलने में परेशानी अथवा पेशाब-मल पर नियंत्रण में बदलाव गंभीर संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षणों में तत्काल विशेषज्ञ से जांच जरूरी है।
फ्रैक्चर की गंभीरता के आधार पर रिकवरी में करीब 6 से 12 सप्ताह या कई महीने लग सकते हैं। समय पर इलाज और डॉक्टर की सलाह के अनुसार फिजियोथेरेपी से स्वस्थ होने में मदद मिलती है।
