पश्चिम बंगाल में SIR के दौरान हटे मतदाताओं के नाम ऑनलाइन सार्वजनिक, चुनाव आयोग ने जारी की सूची

कोलकाता | शाबू ज़ैदी

पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान हटाए गए मतदाताओं के नाम अब ऑनलाइन सार्वजनिक कर दिए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने बताया कि अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत मतदाताओं की श्रेणी में आने वाले नामों की सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट के साथ-साथ संबंधित जिलों के निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।

निर्वाचन आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम इन श्रेणियों के कारण मतदाता सूची से छूट गया है, तो वह दोबारा नाम शामिल कराने के लिए ऑनलाइन फॉर्म-6 जमा कर सकता है। इसके अलावा संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क करके भी नाम शामिल कराने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

आयोग ने बूथ लेवल अधिकारियों को यह निर्देश भी दिया है कि वे ऐसे पात्र मतदाताओं की पहचान के प्रयास तेज करें, जिनके नाम SIR की प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से छूटने की आशंका है।

SIR के दौरान मतदाता सूची में दर्ज रिकॉर्ड का सत्यापन किया गया। इस प्रक्रिया में बड़ी संख्या में ऐसे नाम सामने आए, जिनके रिकॉर्ड में मतदाता के मृत होने, स्थायी रूप से स्थानांतरित होने, अनुपस्थित रहने या डुप्लीकेट प्रविष्टि जैसी स्थिति दर्ज थी। इन श्रेणियों के आधार पर मतदाता सूची को अपडेट किया गया।

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी योग्य मतदाता का नाम सूची से हट गया है या शामिल नहीं हो पाया है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकता है। मतदाता अपने क्षेत्र के BLO से संपर्क करके भी आवश्यक जानकारी और प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकता है।

आयोग की ओर से सूची ऑनलाइन उपलब्ध कराने का उद्देश्य मतदाताओं को अपने नाम की स्थिति जांचने और किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार या पुनः नामांकन का अवसर उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *