वीर गार्जियन 26’ में भारत-जापान की ताकत का प्रदर्शन, तेजस में साथ उड़े दोनों वायुसेना प्रमुख
जोधपुर। भारत और जापान के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘वीर गार्जियन 26’ के दौरान दोनों देशों की वायुसेनाओं के प्रमुखों ने स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस में उड़ान भरकर आपसी सहयोग और सैन्य इंटरऑपरेबिलिटी का प्रदर्शन किया।
भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और जापान एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल ताकेहिरो मोरिता ने जोधपुर एयर फोर्स स्टेशन से तेजस में उड़ान भरी। एपी सिंह ने ‘ईगल वन’ के रूप में तेजस फॉर्मेशन का नेतृत्व किया, जबकि जनरल मोरिता ने ट्विन-सीटर तेजस में उड़ान भरी।
इस संयुक्त सॉर्टी के जरिए भारत और जापान की वायुसेनाओं के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग, समन्वय और संयुक्त अभियानों की क्षमता का प्रदर्शन हुआ। ‘वीर गार्जियन 26’ दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण अभ्यास है।
