ब्रिटेन में बच्चों के लिए ‘डिजिटल कर्फ्यू’ की तैयारी, रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक बंद हो सकता है सोशल मीडिया
लंदन। बच्चों और किशोरों में बढ़ती सोशल मीडिया की लत को रोकने के लिए ब्रिटेन सरकार एक नया कानून लाने की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित नियमों के तहत 16 और 17 वर्ष के किशोरों के सोशल मीडिया अकाउंट पर रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक डिफॉल्ट रूप से ‘डिजिटल कर्फ्यू’ लागू होगा, जिससे इस दौरान सोशल मीडिया ऐप्स का उपयोग स्वतः बंद हो जाएगा।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य किशोरों की नींद में सुधार, पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ाना और देर रात तक मोबाइल चलाने (डूमस्क्रॉलिंग) की आदत को कम करना है। हालांकि, प्रस्ताव के अनुसार उपयोगकर्ताओं को इस डिफॉल्ट सेटिंग को बदलने का विकल्प भी दिया जाएगा।
इसके अलावा, सोशल मीडिया कंपनियों को ऑटोप्ले वीडियो जैसे फीचर्स डिफॉल्ट रूप से बंद रखने की भी व्यवस्था करनी होगी, ताकि बच्चे लगातार वीडियो देखने के जाल में न फंसें।
ब्रिटेन की प्रौद्योगिकी मंत्री लिज़ केंडल ने कहा कि यह कदम युवाओं को पर्याप्त नींद लेने, पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने और परिवार व दोस्तों के साथ अधिक समय बिताने में मदद करेगा। सरकार का मानना है कि 16 वर्ष की आयु के बाद मिलने वाली ऑनलाइन स्वतंत्रता के दुष्प्रभावों को भी इससे कम किया जा सकेगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रस्ताव को 2026 के अंत तक संसद में पेश किए जाने की योजना है। मंजूरी मिलने पर इसे वसंत 2027 से लागू किया जा सकता है।
गौरतलब है कि दुनिया के कई देश बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठा रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध संबंधी कानून पारित किया है, जबकि इंडोनेशिया और मलेशिया भी नाबालिगों के लिए कड़े डिजिटल सुरक्षा नियमों पर काम कर रहे हैं। वहीं, यूरोपीय संघ भी 13 से 15 वर्ष के बच्चों के लिए सोशल मीडिया उपयोग पर अतिरिक्त सुरक्षा उपायों पर विचार कर रहा है।
