जानी दुश्मन’ के आदमखोर रीछ से मिली रोज़गार की राह, 30 साल से लोगों को हंसा रहा मुन्ना

लखनऊ | शाबू ज़ैदी
साल 1979 में आई फिल्म ‘जानी दुश्मन’ में अभिनेता संजीव कुमार का आदमखोर रीछ का किरदार लोगों के बीच काफी चर्चित हुआ था। फिल्म में रीछ का रूप, उसकी चाल-ढाल और आवाज दर्शकों के जेहन में ऐसी बसी कि बाद के वर्षों में कुछ लोगों ने इसी तरह का किरदार अपनाकर लोगों का मनोरंजन करना शुरू कर दिया।
इन्हीं में से एक हैं मुन्ना, जो पिछले करीब 30 वर्षों से रीछ का रूप धारण कर लोगों का मनोरंजन कर रहे हैं। खास अंदाज में कपड़े पहनना, रीछ जैसी आवाज निकालना और अपनी अदाकारी से लोगों को हंसाना ही उनके लिए रोज़गार का जरिया बन गया है।
मुन्ना बताते हैं कि उन्होंने इस किरदार को सिर्फ कमाई का साधन नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी का हिस्सा बना लिया है। इसी काम से वह अपने परिवार का पालन-पोषण करते आ रहे हैं और आज वह अपने काम से पूरी तरह संतुष्ट हैं।
मुन्ना का कहना है, “मुझे अच्छा लगता है जब लोग मुझे देखकर खुश होते हैं। मेरी कोशिश रहती है कि कुछ पल के लिए ही सही, मैं किसी के चेहरे पर मुस्कान ला सकूं। अगर मेरे इस छोटे से जीवन में मैं किसी को हंसा या खुश कर सका, तो इससे बड़ी संतुष्टि मेरे लिए क्या होगी।”
मुन्ना की कहानी यह भी बताती है कि हुनर और मेहनत किसी भी रूप में रोज़गार का जरिया बन सकते हैं। जहां एक फिल्मी किरदार कभी पर्दे पर लोगों का मनोरंजन करता था, वहीं उसी किरदार से प्रेरित होकर एक आम इंसान ने करीब तीन दशक से अपने परिवार की जिंदगी आगे बढ़ाने का रास्ता खोज लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *