प्रयागराज में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन को ₹680 करोड़ की सौगात, सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया स्वागत

प्रयागराज में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन को ₹680 करोड़ की सौगात, सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया स्वागत

2,500 से अधिक अधिवक्ता चैंबर और मल्टीलेवल पार्किंग से वकीलों को मिलेगी बड़ी सुविधा

प्रयागराज | शाबू ज़ैदी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को संगम नगरी प्रयागराज पहुंचे, जहां पुलिस लाइन में उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए प्रयागराज पहुंचे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज हाईकोर्ट परिसर में लगभग ₹680 करोड़ की लागत से निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग एवं अधिवक्ता कक्ष भवन की सांकेतिक चाबी इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन को सौंपेंगे। इस परियोजना के तहत 2,500 से अधिक अधिवक्ता चैंबर उपलब्ध कराए गए हैं। इससे अधिवक्ताओं को अपने पेशेवर कामकाज के लिए बेहतर और सुविधाजनक स्थान मिल सकेगा।

नई मल्टीलेवल पार्किंग से हाईकोर्ट परिसर में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था भी बेहतर होने की उम्मीद है। वहीं, आधुनिक अधिवक्ता कक्ष भवन से बड़ी संख्या में वकीलों को कार्यस्थल संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री के प्रयागराज आगमन के अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हाईकोर्ट परिसर में इतनी बड़ी अधोसंरचना परियोजना को अधिवक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सौगात माना जा रहा है। इससे न्यायिक कार्यों से जुड़े अधिवक्ताओं को सुविधाजनक कार्यस्थल के साथ-साथ पार्किंग की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *