.भारत में Covid-19 का पहला केस 30 जनवरी को केरल में दर्ज हुआ था। पांच महीने और चार लॉकडाउन के बाद, दैनिक नए केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं और अभी यह संकेत नहीं है कि महामारी का शिखर बिंदु आ चुका है या अभी आना बाकी है। भारत लगभग हर दिन दैनिक नए केस का हाई रिकॉर्ड कायम कर रहा है। सिर्फ सोमवार को ही संक्रमण के 15,413 मामले दर्ज हुए।
23 जून तक भारत में 4.4 लाख केस सामने आ चुके हैं। इसके साथ भारत, अमेरिका, ब्राजील और रूस के बाद दुनिया का चौथा ऐसा देश है जहां कोरोना वायरस संक्रमण की सबसे ज्यादा संख्या है। लेकिन रूस में दैनिक नए केस में वृद्धि की गति धीमी है। इसलिए स्वास्थ्य विशेषज्ञों को लगता है कि भारत जल्द ही प्रतिदिन जुड़ने वाले नए केस की संख्या के मामले में रूस को पीछे छोड़ सकता है।