चेन्नई पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री थलपति विजय ने गर्मजोशी से किया स्वागत
चेन्नई | शाबू ज़ैदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के लिए चेन्नई पहुंचे। चेन्नई हवाई अड्डे पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री मोदी से हाथ मिलाया और उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट किया।
प्रधानमंत्री मोदी सुबह करीब 11 बजे चेन्नई हवाई अड्डे पहुंचे। इसके बाद उन्होंने हवाई अड्डे के आसपास कुछ देर रोड शो किया। सड़क के दोनों ओर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने प्रधानमंत्री का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
प्रधानमंत्री के काफिले के हवाई अड्डे से बाहर निकलते ही समर्थकों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। स्वागत के लिए भाजपा की तमिलनाडु इकाई की ओर से सड़क किनारे निर्धारित स्थानों पर पारंपरिक नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
प्रधानमंत्री का यह दौरा तमिलनाडु में बुनियादी ढांचे और विकास से जुड़ी परियोजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की इन परियोजनाओं से राज्य में विकास कार्यों को गति देने, कनेक्टिविटी बेहतर बनाने और विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार पर जोर रहेगा।
मुख्यमंत्री थलपति विजय द्वारा प्रधानमंत्री का स्वागत इस दौरे का प्रमुख राजनीतिक और सार्वजनिक घटनाक्रम रहा। प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों पर राज्य के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की नजरें टिकी हुई हैं
