Home / उत्तर प्रदेश / अखिलेश यादव पहुंचे झांसी कारागार

अखिलेश यादव पहुंचे झांसी कारागार

Spread the love

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आज झांसी जिला कारागार में 3 महीनें से बंद समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक श्री दीप नारायण सिंह उर्फ दीपक यादव से मुलाकात की और उनका हाल चाल जाना। बाद में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर नाकाम रही है, अपनी नाकामी छुपाने के लिए वह अधिकारियों पर दबाव बनाकर समाजवादी पार्टी के नेताओं को चिह्नित कर उन्हें बदनाम करने तथा फर्जी मुकदमों में फंसाने का काम कर रही है। समाजवादी पार्टी इस अन्याय के खिलाफ लड़ेगी।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने न्याय को खत्म कर दिया है। इस सरकार में कोई न्याय की उम्मीद नहीं कर सकता है। सरकार इस काम में संस्थाओं का भी इस्तेमाल कर रही है। अधिकारी बताते है कि उन पर ऊपर से दबाव है। शायद मुख्यमंत्री जी खुद इसमें दखल दे रहे हैं। उन्होंने कहा सबका समय आता है। सरकारी इशारे पर विपक्ष के खिलाफ बदले की कार्यवाही दुःखद है। हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और उससे हमें न्याय मिलने की उम्मीद है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। जनता की समस्याओं का कोई समाधान नहीं है। आम जनता, किसान, नौजवान, व्यापारी सभी परेशान है। योगी सरकार पूरी तरह तानाशाही पर उतारू है। केन्द्र और राज्य की दोनों सरकारें बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रही है। पत्रकारों को भी सच्चाई लिखने पर फर्जी केसों में फंसा कर जेल भेजा जाता है।
श्री यादव ने कहा कि वाराणसी में ईवीएम के मामले में शिकायत पर डीएम को हटना पड़ गया था। गलती प्रशासन की थी पर समाजवादी कार्यकर्ताओं को जेल भेजा गया। श्री रमाकांत यादव और श्री इरफान सोलंकी पर झूठे केस लगाकर जेल भेजा गया। चुनाव के समय एक इत्र व्यापारी के घर पर छापा पड़ा बाद में वह भाजपा का निकला। पंचायत चुनाव में जनता के मतदान को लूटा गया।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विश्वस्तरीय अत्याधुनिक पुलिस सेवा यूपी डायल 100 समाजवादी सरकार में बनाई गई थी। जिसे भाजपा सरकार ने 112 बनाकर बर्बाद कर दिया है। इसी तरह स्वास्थ्य सेवा 102 और 108 को भी चौपट कर दिया गया है। विदेशी निवेश लाने के लिए मंत्रीगण विदेशों में दौरा कर रहे हैं। किन्तु वहां के लोगों को पता होगा कि यहां कितना अन्याय है। पुलिस हिरासत में मौतों में उत्तर प्रदेश अव्वल है। महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। किसान आत्महत्या कर रहा है। हमने बलवंत सिंह के परिवार को 1 करोड़ रूपये की आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी दिये जाने की मांग की है।
श्री यादव ने कहा कि पहले इन्वेस्टमेंट भेंट समिट हुई। फिर डिफेंस एक्सप्रो हुआ। बुन्देलखंड को क्या मिला? यहां जो विकास हुआ सब समाजवादी सरकार के समय हुआ है। बाहर से निवेश कैसे आएगा जब यहां कोई निश्चित उद्योगनीति नहीं है। मंत्री जनता के पैसों पर विदेशों में सैर कर रहे हैं। विधानसभा के पटल पर सभी एमओयू रखे जाने चाहिए।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि जो काम 8 साल में केन्द्र सरकार और 6 साल में प्रदेश सरकार नहीं कर पाई उस काम को अब डेढ़ साल में (2024 के चुनाव से पहले) कोई कैसे कर सकता है? भाजपा निकाय चुनाव नहीं करा पा रही है।
जेल में श्री दीप नारायण यादव से मुलाकात के समय बुंदेलखण्ड के वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद श्री चंद्रपाल सिंह यादव भी मौजूद थे। श्री अखिलेश यादव का यहां झांसी पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ। उत्साही कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। वे अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे और झूठे मुकदमों की वापसी की मांग कर रहे थे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। श्री यादव ने श्री दीप नारायण यादव के परिवारीजनों से भी मुलाकात की।
(राजेन्द्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *