23 अप्रैल, लखनऊ। देश के सभी लोग लगभग एक महीने से लॉक डाउन में रह रहे हैं। लोगों की दिनचर्या बदल गयी है। वहीं, लोगों की शारीरिक गतिविधियां भी सीमित हो गयी हैं। घर पर रहकर ज्यादातर लोग तला-भुना व चटपटा भोजन खा रहे हैं जिससे लोगों को यह भी डर लगा रहता है कि लॉक डाउन के दौरान कहीं वजन ना बढ़ जाए। ऐसे में बढ़ता वजन कई अन्य बीमारियों का कारण भी बन सकता है।
करें एक्सरसाइज व मेडिटेशन
यह तो सच है कि घर पर हमारी शारीरिक गतिविधियां बहुत सीमित हैं लेकिन हमें घबराने की जरूरत नहीं है। इस दौरान अपने घरों में रहते हुए आप योग, व्यायाम कर सकते हैं। छतों या लॉन में टहलकर मॉर्निंग वॉक भी कर सकते हैं। सुबह-शाम मेडिटेशन कर सकते हैं। हर रोज ऐसा करने से एक तो आपका तनाव कम होगा। साथ में वजन नियंत्रण में भी यह सहायक होगा।
नियमित दिनचर्या का करें पालन
सबसे पहले यह आवश्यक है कि हम अपनी दिनचर्या नियमित करें। ऐसा न हो कि हम घर पर हैं तो न हमारे खाने का समय निश्चित है और न ही सोने व जागने का। हमें सुबह का नाश्ता आठ से साढ़े आठ बजे तक कर लेना चाहिए व रात का खाना सोने से कम से कम तीन घंटे पहले करना चाहिए। दो मील के बीच कम से से कम दो से तीन घंटे का अंतर रखना चाहिए।
इम्यून सिस्टम का रखें ख्याल
गर्मी का मौसम आ गया है इसलिए पानी का अधिक से अधिक सेवन करें। नींबू पानी व रसीले फलों को अपने भोजन में शामिल करें। शरीर में पानी की कमी न होने दें। भोजन में इम्युनिटी बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों को शामिल करें। अपने खानपान को नियंत्रित करें। सप्ताह में एक दिन नियत कर लें कि इस दिन आप परहेज नहीं करेंगे या अपना मनपसंद भोजन करेंगे।
घर के काम कर बर्न करें कैलोरी
इस समय हमें प्रतिदिन 1800 से 1900 कैलोरी की आवश्यकता है क्योंकि हमारी गतिविधियां बहुत अधिक मेहनत वाली नहीं हैं। यदि हम अपनी ऊर्जा की खपत नहीं करेंगे तो हमारा वजन बढ़ना लाजमी है। इसलिए हमें कुछ न कुछ काम करते रहना चाहिए ताकि हमारी ऊर्जा की खपत हो। हमारे घर पर भी बहुत से ऐसे काम हैं जिन्हें करके हम अपनी ऊर्जा खर्च कर सकते हैं और हमारा वजन भी नियंत्रित रहेगा। जैसे यदि आप हाथ से कपड़े धोते हैं और उन्हें तह कर रखते हैं तो आप एक घंटे में 148 कैलोरी बर्न कर सकते हैं। इसी तरह आप हाथों से बर्तन साफ करके 128 कैलोरी बर्न कर सकते हैं। आप कपड़े प्रेस करते हैं तो आपकी 80 कैलोरी बर्न होती है। घर में झाड़ू लगाने में लगभग 156 कैलोरी, पोछा लगाने में 170 कैलोरी व बिस्तर लगाने में आपकी 70 कैलोरी खर्च होती है। यह रोजमर्रा के काम हैं जो कि देखने में छोटे लगते हैं लेकिन व्यक्ति को स्वस्थ रखने में इनका योगदान होता है। कार धोने में 314, डस्टिंग करने में 166 कैलोरी बर्न होती है। इन कामों को करने से एक तो आपके समय का उपयोग होगा। साथ ही आप व्यस्त रहेंगे और बोर नहीं होंगे साथ ही आप स्वस्थ भी रहेंगे।