लॉकडाउन 4.0 के पहले दिन लखनऊ की सड़कों पर सामान्य दिनों जैसी दिखी भीड़।
लखनऊ 19 मई 2020
लॉकडाउन 4.0 के पहले दिन सोमवार को राजधानी लखनऊ में नजारा बदला हुआ दिखा। सड़कों पर सामान्य दिनों जैसा आवागमन रहा। हजरतगंज में तो जाम जैसी स्थिति नजर आई।
सोमवार को शहर में सुबह से ही हर रास्ते पर पहले के लॉकडाउन के मुकाबले वाहनों की भीड़ दिखी। नजारा देख कर लग ही नहीं रहा था कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन का चौथा चरण चल रहा है। इस दौरान राहगीर नियमों की अनदेखी भी करते रहे। बिना मास्क लगाए चहलकदमी करने से लेकर बाइक-स्कूटर पर दो सवारी बैठी नजर आई। लॉकडाउन का पालन कराने के लिये पुलिस ड्यूटी लगाई गई हैं। मगर, नियमों में ढील के चलते पुलिस कर्मी के लिये काम आसान नहीं है।

