पूर्व मंत्री स्व. पंडित सिंह की प्रतिमा का अनावरण

Spread the love

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आज गोंडा में पूर्व मंत्री स्व. पंडित सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। श्री यादव के साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव भी मौजूद रहे। इस अवसर पर सपा अध्यक्ष ने अमर स्मृति कोष का विमोचन किया। दोनों नेताओं ने पंडित सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
श्री यादव ने स्व0 पंडित सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे गोण्डा के लोकप्रिय जन नेता थे। स्व0 पण्डित सिंह ने गोण्डा और आसपास के क्षेत्रों में पार्टी को मजबूत किया। उनके असमय चले जाने से समाजवादियों ने अपना भरोसेमंद साथी खो दिया है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने 5 साल तक कोई काम नहीं किया। समाजवादी सरकार के कार्यों का ही शिलान्यास और उद्घाटन किया। अब सरकार के आखिरी समय में शिलान्यास का दिखावा कर रही है।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर गोण्डा में मेडिकल कॉलेज बनाएंगे जहां गरीबों का मुफ्त इलाज होगा, किसानों की बिजली माफ होगी। घरेलू बिजली 300 यूनिट तक फ्री दी जाएगी। आंदोलन में मृत किसानों के परिवारों को 25-25 लाख रुपये की मदद की जाएगी।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने कोरोना काल में किसी की मदद नहीं की। बड़ी संख्या में लोग ऑक्सीजन की कमी से मौत के मुंह में चले गए। यह सरकार दवा और बेड का इंतजाम नहीं कर पाई।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि कोरोना काल में बड़ी संख्या में लोगों की नौकरियां छीनी गई। दूसरे प्रदेशों से हमारे मजदूरों को पैदल चलकर आना पड़ा। भाजपा सरकार ने कोई मदद नहीं की। कई मजदूरों की रास्ते में मौत हो गई। संकट में उनके साथ समाजवादी लोग खड़े हुए और मजदूरों के परिजनों की मदद की।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार ने हर स्तर पर लापरवाही की। सरकार ने कोरोना से मरने वालों की संख्या को भी छिपाने का काम किया। लोगों को अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी तक नहीं मिल पाई। आज प्रदेश की जनता किसान, नौजवान और गरीब महंगाई, बेरोजगारी से परेशान है। भाजपा सरकार झूठे विज्ञापन जारी कर जनता की गाढ़ी कमाई बर्बाद कर रही है। प्रदेश की जनता चुनाव का इंतजार कर रही है। इस बार पूरब से पश्चिम तक भाजपा का सफाया होगा।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में लोगों को न्याय मिलेगा। एनसीआरबी का डाटा कहता है कि भाजपा सरकार में ज्यादा दंगे हुए। ज्यादा अपराध हुए। बच्चियों के साथ ज्यादा घटनाएं हुई। भाजपा सरकार के पास महंगाई, बेरोजगारी का कोई जवाब नहीं हैं। बड़े-बड़े इन्वेस्टर मीट हुए लेकिन बताइए क्या गोण्डा, फैजाबाद से लेकर आसपास कोई कारखाना लगा, कोई रोजगार आया?
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में डीजल-पेट्रोल, खाद-बीज, कीटनाशक, कृषि यंत्र सभी महंगे हो गये है। लोगों की कमाई आधी हो गई और महंगाई दोगुनी हो गई। आने वाले समय में गरीब, किसान, किसान, मजदूर सभी वर्ग मिलकर भाजपा सरकार को हटाने का काम करेंगे। इससे झूठी सरकार जनता ने कभी नहीं देखी।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने लैपटॉप बांटे थे, भाजपा सरकार में नहीं बंटे यही फर्क है। समाजवादी सरकार में नौकरी मिलती थी भाजपा सरकार में नौकरी मांगने पर लाठियां मिलती है, फर्क साफ है। भाजपा सरकार समाजवादियों से घबरा गई हैं।
इस कार्यक्रम में सर्वश्री माता प्रसाद पाण्डेय, नरेन्द्र सिंह, महेश सिंह डॉ0 सूरज सिंह, अभिषेक सिंह, पूर्व मंत्री अरविन्द सिंह गोप, योगेश प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री एस.पी. सिंह, पूर्व मंत्री राम बिशुन आजाद, एवं राम प्रताप सिंह, नंदिता शुक्ला, बैजनाथ दूबे, पूर्व विधायक महफूज खान, एमएलसी रण विजय सिंह, जिलाध्यक्ष पप्पू यादव, संजय सविता विद्यार्थी, सिद्धार्थ सिंह छात्र नेता, टिंटू सिंह, विवेक सिंह ‘बाबा‘ की उपस्थिति उल्लेखनीय रही है।
(राजेन्द्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button