अंबेडकरनगर। गन्ना विभाग द्वारा समिति स्तरीय सट्टा प्रदर्शन का काम पांच अक्तूबर से शुरू किया जाएगा। जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों से आह्वान किया कि जिन किसानों को सट्टे को लेकर किसी तरह की शिकायत हो वे सट्टा संशोधित करा सकते हैं। इसके अलावा जिन किसानों ने अब तक भू-राजस्व अभिलेख व घोषणा पत्र नहीं जमा किया है वे तुरंत अभिलेख जमा कराएं।
जिला गन्ना अधिकारी डॉ. हरिकृष्ण गुप्त ने बताया कि पहले ग्राम स्तरीय सट्टा का प्रदर्शन कराया जा चुका है। इसके साथ आपत्तियों का निस्तारण भी कराया गया। जिन किसानों को अपने सट्टे पर अब भी कोई शिकायत है वे समिति पर आकर संशोधन करा सकते हैं। इसके साथ जिन किसानों ने अब तक भू-राजस्व अभिलेख व घोषणा पत्र किसी कारण से नहीं जमा किया है, वे जमा कराएं नहीं तो सट्टा बाधित कर दिया जाएगा। समिति स्तरीय सट्टा प्रदर्शन के बाद किसी शिकायत या आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
आपत्तियां लिखित रूप में जमा करेें। साथ ही किसान मास्क लगा कर ही आएं। जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि आगामी पेराई सत्र में पेपर पर्ची की जगह किसानों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस पर्ची उपलब्ध करायी जाएगी। ऐसे में मोबाइल नंबर बदला गया हो या गलत हो तो उसे तत्काल ठीक करा लें।