अमीनाबाद पटरी बाजार को लेकर बड़े दुकानदारों और पटरी दुकानदारों के बीच विवाद बढ़ गया है। शुक्रवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। तीन थानों की पुलिस के मौके पर पहुंचने से टकराव तो नहीं हुआ, मगर विवाद अभी थमा नहीं है।
पटरी बाजार को अमीनाबाद से पूरी तरह बाहर किए जाने को लेकर शनिवार को बड़े दुकानदारों के संगठन लखनऊ व्यापार मंडल ने हड़ताल की घोषणा की है।
वहीं, पटरी दुकानदारों का कहना है कि अमीनाबाद का पटरी बाजार विरासत बाजार है। ऐसे में कानून के तहत उनको हटाया नहीं जा सकता और नियमों के तहत दुकान लगाने के अनुमति दी जाए।
लॉकडाउन के बाद छह महीने से बंद चल रहे अमीनाबाद के पटरी बाजार के खुलने के आसार दिखाई नहीं दे रहे। बड़े दुकानदारों ने साफ कर दिया है कि वह अपनी दुकान के सामने पटरी दुकानदार की दुकान नहीं लगने देंगे।