जामिया में प्रदर्शन के बीच तनाव, तीन महिला छात्र नेताओं समेत चार हिरासत में
नई दिल्ली | शाबू ज़ैदी
जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में अपनी मांगों को लेकर कई दिनों से छात्रों का प्रदर्शन जारी है। इसी बीच विश्वविद्यालय की दीवारों पर कथित देशविरोधी नारे लिखे जाने के बाद परिसर में तनाव बढ़ गया है।
प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने विश्वविद्यालय के गेट बंद कर दिए और गेट पर हंगामा कर रहे छात्रों को वहां से हटा दिया। वहीं, आंदोलनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि परिसर में उनके लिए खाने-पीने की व्यवस्था बंद कर दी गई है।
छात्रों के समर्थन में गेट नंबर 7 पर पहुंचे बाहरी छात्रों और स्थानीय नेताओं ने नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस ने तीन महिला छात्र नेताओं समेत चार लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कुछ प्रदर्शनकारी छात्र गेट पर चढ़कर परिसर में प्रवेश करने की कोशिश करते दिखाई दिए। स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय के गेट पर पुलिस बल तैनात है।
